नैनीताल। हल्द्वानी-नैनीताल राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार तड़के एक शीत वाहन अनियंत्रित होकर करीब 100 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन चालक घायल हो गया, जबकि वाहन में लदा दूध, दही, घी और पनीर समेत बड़ी मात्रा में दुग्ध उत्पाद बर्बाद हो गए।
जानकारी के अनुसार, आनंदा दूध डेयरी का शीत वाहन संख्या यूके04सीए-9728 सोमवार सुबह करीब साढ़े चार बजे हल्द्वानी से नैनीताल की ओर जा रहा था। दो गांव से आगे पहुंचने पर अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे जंगल में करीब 100 फीट नीचे खाई में जा गिरा।
हादसे की सूचना मिलते ही ज्योलीकोट चौकी से पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मी मलकीत सिंह, अनूप सिंह और प्रदीप सिंह ने स्थानीय लोगों की मदद से खाई में फंसे चालक बालम सुयाल को बाहर निकाला। दुर्घटना में घायल चालक को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए हल्द्वानी भेजा गया। वहां उसका इलाज चल रहा है।
दुर्घटना के बाद घटनास्थल का दृश्य काफी विचलित करने वाला था। वाहन में लदा दूध, दही, घी, पनीर और अन्य दुग्ध उत्पाद सड़क किनारे जंगल और खाई में जगह-जगह बिखरे पड़े थे। बड़ी मात्रा में दुग्ध उत्पाद दुर्घटना में खराब हो गए।
बाद में वाहन का परिचालक और संबंधित दूध डेयरी के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने दुर्घटनाग्रस्त वाहन के आसपास बिखरे और सुरक्षित बचे दुग्ध उत्पादों को एकत्र किया।
पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की बात सामने आई है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए आसपास के क्षेत्र में भी लोगों की आवाजाही बनी रही। चालक की हालत का उपचार के बाद ही स्पष्ट आकलन हो सकेगा।
