कोलकाता। राज्यसभा चुनाव में नामांकन दाखिल करने से ठीक पहले बंगाली अभिनेत्री कोयल मल्लिक सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गईं। भाजपा की ओर से पश्चिम बंगाल से राज्यसभा उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद उन्होंने पार्टी की औपचारिक सदस्यता ग्रहण की। वे सोमवार को अपना नामांकन पत्र भी दाखिल करेंगी।
भाजपा में शामिल होने के बाद कोयल मल्लिक ने कहा कि उच्च सदन का सदस्य बनने का अवसर उनके लिए बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से लोगों की सेवा और कल्याण को प्राथमिकता देती रही हैं। उनके मुताबिक, राजनीति के जरिए उन्हें जनसेवा के लिए बड़ा मंच मिला है। उन्होंने उम्मीदवार बनाए जाने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और शुभेंदु अधिकारी का आभार जताया।
कोयल ने पश्चिम बंगाल में हाल के विकास कार्यों की सराहना करते हुए राज्य से युवाओं के पलायन पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि बेहतर शिक्षा हासिल करने के बाद रोजगार के लिए युवाओं का दूसरे राज्यों में जाकर बसना चिंता का विषय है। यदि वह युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने और उन्हें राज्य में रोकने की दिशा में कुछ योगदान दे सकीं तो इसे अपना सौभाग्य मानेंगी।
गौरतलब है कि कोयल मल्लिक ने इसी साल अप्रैल में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद के तौर पर शपथ ली थी। बाद में 16 जुलाई को उन्होंने राज्यसभा से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद भाजपा नेताओं से उनकी मुलाकात की चर्चाएं सामने आईं। चार अक्टूबर को भाजपा ने पश्चिम बंगाल से उन्हें राज्यसभा उम्मीदवार घोषित किया।
पुरानी पार्टी को लेकर कोयल ने कोई नकारात्मक टिप्पणी करने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि दोनों दलों की विचारधाराएं अलग हैं, लेकिन उनके लिए इंसानियत सबसे बड़ा धर्म है।
सोशल मीडिया पर दल-बदल को लेकर हो रही आलोचनाओं पर भी उन्होंने संयम बरता। मनोविज्ञान की छात्रा रहीं कोयल ने कहा कि वह किसी के प्रति गुस्सा नहीं रखतीं और सभी के अच्छे मानसिक स्वास्थ्य की कामना करती हैं। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य देश और समाज की सेवा करना है।
