After Header-1

बांसुरी स्वराज से मिले त्रिवेंद्र रावत, नए दायित्व पर दी शुभकामनाएं

देहरादून। हरिद्वार सांसद और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने नई दिल्ली में उत्तराखंड भाजपा की प्रदेश सह प्रभारी बांसुरी स्वराज से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने स्वराज को पार्टी में मिले नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं और उनके सफल कार्यकाल की कामना की।

मुलाकात के दौरान त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि बांसुरी स्वराज का युवा, ऊर्जावान और सक्रिय नेतृत्व उत्तराखंड में भाजपा संगठन को नई ऊर्जा और दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि स्वराज के अनुभव, कार्यशैली और युवा दृष्टिकोण से संगठन को मजबूती मिलने के साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं में भी नया उत्साह पैदा होगा।

रावत ने कहा कि उत्तराखंड भाजपा के सामने संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करने तथा कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका देने की बड़ी जिम्मेदारी है। ऐसे में प्रदेश सह प्रभारी के रूप में बांसुरी स्वराज का अनुभव और सक्रियता संगठन के लिए उपयोगी साबित होगी।

उन्होंने विश्वास जताया कि स्वराज के मार्गदर्शन में पार्टी संगठन जनसेवा और संगठन विस्तार के अपने संकल्प को और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएगा। साथ ही कार्यकर्ताओं और संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में भी उनका योगदान महत्वपूर्ण रहेगा।

त्रिवेंद्र रावत और बांसुरी स्वराज की मुलाकात को आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भाजपा संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने पर पार्टी का जोर है।

रावत ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए अनुभवी नेताओं के मार्गदर्शन के साथ युवा नेतृत्व की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि बांसुरी स्वराज अपने नए दायित्व का प्रभावी ढंग से निर्वहन करते हुए उत्तराखंड भाजपा को नई गति प्रदान करेंगी।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.