
देहरादून। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मांडूवाला स्थित डॉल्फिन कॉलेज के पास जंगल में खाई से मिले 38 वर्षीय मदन मुखिया के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक की पत्नी मीना और उसके प्रेमी लल्लन शर्मा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों ने मिलकर मदन की हत्या की साजिश रची थी।
पुलिस को सूचना मिली थी कि जंगल में एक व्यक्ति का शव खाई में पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त मदन मुखिया निवासी सहरसा, बिहार के रूप में की। उसकी गर्दन पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले थे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। मकान मालिक की तहरीर पर प्रेमनगर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।

घटना की जांच के लिए पुलिस टीमों ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और क्षेत्र में रहने वाले मजदूरों का सत्यापन किया। इसी दौरान 3 अक्टूबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मांडूवाला स्थित बाला सुंदरी मंदिर के पास से लल्लन शर्मा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने मदन की पत्नी मीना के साथ मिलकर हत्या करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने मीना को भी प्रेमनगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। लल्लन की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू भी झाड़ियों से बरामद किया गया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि लल्लन पिछले दो-तीन वर्षों से मीना के संपर्क में था। पुलिस के मुताबिक, घटना से दो दिन पहले मदन ने लल्लन का मोबाइल फोन देखा था, जिसमें उसे अपनी पत्नी और लल्लन की फोटो व वीडियो मिले। इसके बाद मदन ने दोनों को जान से मारने और उनके संबंधों की जानकारी दूसरों को देने की धमकी दी थी।
पुलिस के अनुसार, इसी डर और बदनामी की आशंका में दोनों ने मदन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। योजना के तहत मीना उसे शराब पिलाने के बहाने जंगल ले गई। वहां मदन के नशे में होने के बाद दोनों ने धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी और शव को खाई में फेंक दिया। हथियार को झाड़ियों में छिपा दिया गया था।
