
देहरादून। उत्तराखंड की रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने हरिद्वार को तीन महत्वपूर्ण रेल सेवाओं की सौगात दी है। रेलवे मंत्रालय ने बांद्रा टर्मिनस–दिल्ली सराय रोहिल्ला गरीब रथ एक्सप्रेस का हरिद्वार तक विस्तार करने के साथ ही हरिद्वार से वेरावल और ओखा के लिए दो नई एसी एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन को मंजूरी दी है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को इसकी जानकारी दी।
इस निर्णय से हरिद्वार की देश के प्रमुख शहरों और धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों से रेल कनेक्टिविटी और बेहतर होने की उम्मीद है। खासतौर पर उत्तराखंड आने वाले तीर्थयात्रियों और पर्यटकों के साथ स्थानीय यात्रियों, व्यापारियों और विद्यार्थियों को भी इसका लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रेल सेवाओं के विस्तार के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में बेहतर परिवहन व्यवस्था विकास की गति को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाती है। हरिद्वार प्रदेश का प्रमुख धार्मिक और पर्यटन केंद्र होने के साथ देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण प्रवेश द्वार भी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में धार्मिक पर्यटन, सामान्य पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए मजबूत रेल नेटवर्क जरूरी है। नई रेल सेवाओं से उत्तराखंड आने वाले यात्रियों को बेहतर विकल्प मिलेंगे और यात्रा अधिक सुविधाजनक होगी।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड में रेल सेवाओं के विस्तार का काम लगातार आगे बढ़ रहा है। रेल कनेक्टिविटी में सुधार से न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि व्यापार और पर्यटन गतिविधियों को भी गति मिलने की संभावना है।
हरिद्वार से वेरावल और ओखा के लिए सीधी एसी रेल सेवा शुरू होने से गुजरात और पश्चिमी भारत के साथ उत्तराखंड की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। वहीं गरीब रथ के हरिद्वार तक विस्तार से यात्रियों को किफायती और सुविधाजनक रेल यात्रा का एक और विकल्प उपलब्ध होगा।
