यूपीएल में छाए उत्तराखंड के सितारे, किसी ने बल्ले से तो किसी ने गेंद से मचाया धमाल

देहरादून। राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे उत्तराखंड प्रीमियर लीग (यूपीएल) 2026 में स्थानीय युवा खिलाड़ियों का प्रदर्शन लगातार चर्चा में है। लीग के अब तक के आंकड़ों में बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में उत्तराखंड की नई प्रतिभाओं ने अपनी छाप छोड़ी है। किसी बल्लेबाज ने रनों का अंबार लगाया है तो किसी गेंदबाज ने एक ही मुकाबले में छह विकेट लेकर सबका ध्यान खींचा है।

बल्लेबाजी में विजय शर्मा सबसे आगे चल रहे हैं। उन्होंने अब तक 221 से अधिक रन बनाए हैं। युवराज चौधरी 183 और आंजनेया सूर्यवंशी 182 रन के साथ उनके पीछे हैं। सीजन में अब तक एकमात्र शतक दीक्षांशु नेगी के नाम है। उन्होंने नाबाद 108 रन की शानदार पारी खेली। अर्धशतकों के मामले में भी विजय शर्मा तीन अर्धशतकों के साथ आगे हैं, जबकि युवराज चौधरी और आंजनेया सूर्यवंशी ने दो-दो अर्धशतक लगाए हैं।

छक्कों की बात करें तो विजय शर्मा ने 24 छक्के लगाकर इस सूची में भी शीर्ष स्थान हासिल किया है। आंजनेया सूर्यवंशी के बल्ले से 13 और युवराज चौधरी के बल्ले से 12 छक्के निकले हैं। चौकों के मामले में दीक्षांशु नेगी 17 चौकों के साथ सबसे आगे हैं। कुणाल चंदेला और आंजनेया सूर्यवंशी ने 14-14 चौके लगाए हैं।

गेंदबाजी में रविंदर नेगी का प्रदर्शन खास रहा है। वह 10 विकेट के साथ सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन महज तीन रन देकर छह विकेट लेना रहा। अदि खान ने 26 रन देकर पांच विकेट हासिल किए हैं और वह इस सीजन अब तक पांच विकेट लेने वाले एकमात्र अन्य गेंदबाज हैं। जनमेजय जोशी और देवेंद्र बोरा ने आठ-आठ विकेट चटकाए हैं।

यूपीएल की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध आंकड़ों में रोहित दानू, कुणाल चंदेला और निशु पटेल समेत कई खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने भी ध्यान खींचा है। लीग के बाकी मुकाबलों में इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर नजर रहेगी। घरेलू क्रिकेट में आगे के अवसरों के लिहाज से भी यूपीएल इन युवा खिलाड़ियों के लिए अहम मंच साबित हो सकता है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.