अरब सागर में 3000 करोड़ की ड्रग्स पकड़ी, धौ पर सवार 5 पाकिस्तानी गिरफ्तार
जब्त ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 3000 करोड़ से अधिक
नई दिल्ली, 30 सितंबर। भारतीय तटरक्षक और गुजरात एटीएस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अरब सागर में ड्रग्स तस्करी की बड़ी कोशिश को नाकाम कर दिया। सुरक्षा एजेंसियों ने पश्चिमी क्षेत्र में एक संदिग्ध ईरानी धौ को रोककर करीब 526 किलोग्राम हाई-ग्रेड नशीले पदार्थ बरामद किए। जब्त ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 3000 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है। कार्रवाई के दौरान धौ पर सवार पांच पाकिस्तानी नागरिकों को भी गिरफ्तार किया गया।
जानकारी के मुताबिक, भारतीय तटरक्षक और गुजरात एटीएस को समुद्र के रास्ते बड़ी मात्रा में ड्रग्स की तस्करी किए जाने की खुफिया सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर समुद्र और हवाई क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई गई। संदिग्ध जहाज की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी गई और उसकी आवाजाही को ट्रैक किया गया।
पुख्ता जानकारी मिलने के बाद भारतीय तटरक्षक ने संदिग्ध धौ का पीछा शुरू किया। 25 सितंबर को समुद्र में उसे इंटरसेप्ट करने के बाद सुरक्षाकर्मी जहाज पर पहुंचे और तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित नशीले पदार्थ बरामद हुए। इनमें हेरोइन और मेथामफेटामाइन शामिल होने की जानकारी सामने आई है।
कार्रवाई के दौरान धौ को चला रहे पांच पाकिस्तानी नागरिकों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया। भारतीय तटरक्षक ने जहाज, चालक दल और जब्त ड्रग्स को अपनी सुरक्षा में मुंबई पहुंचाया है। वहां विभिन्न एजेंसियों की ओर से संयुक्त पूछताछ की जाएगी। इसके बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
भारतीय तटरक्षक के अनुसार, ऑपरेशन में समुद्र और हवा से निगरानी के जरिए संदिग्ध जहाज की पहचान की गई थी। इसके बाद उसका पीछा कर उसे रोका गया। एजेंसियों की इस कार्रवाई से ड्रग्स की बड़ी खेप भारतीय तट तक पहुंचने से पहले ही पकड़ ली गई।
तटरक्षक ने कहा कि समुद्री क्षेत्र में अवैध गतिविधियों और नशीले पदार्थों की तस्करी पर लगातार नजर रखी जा रही है। समुद्री निगरानी तंत्र को सक्रिय रखते हुए ऐसी गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।