सोमेश्वर (अल्मोड़ा)। प्रदेश की खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि उत्तराखंड में खेलों के प्रति समाज की सोच में सकारात्मक बदलाव आया है। अब अभिभावक भी बच्चों को पढ़ाई के साथ खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि खेल बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने के साथ उन्हें बेहतर भविष्य के अवसर भी प्रदान करते हैं।
मंत्री रेखा आर्य सोमवार को सोमेश्वर स्थित सोमनाथ ग्राउंड पहुंचीं। यहां आयोजित विधायक चैंपियंस ट्रॉफी के समापन समारोह में उन्होंने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और खेल प्रतियोगिताओं को ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं को मंच देने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
रेखा आर्य ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए खेल सुविधाओं के विस्तार और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर काम कर रही है। ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों में कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी मौजूद हैं, जिन्हें उचित प्रशिक्षण और मंच मिलने पर वे राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।
उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन युवाओं को स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के लिए प्रेरित करता है। ऐसे आयोजनों से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ अनुभव हासिल करने का अवसर भी मिलता है। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और भविष्य में भी खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया।
समापन समारोह में वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता मोहन दौसाद, मंडल अध्यक्ष सुंदर राणा, विधायक प्रतिनिधि भुवन जोशी, किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष दलीप रौतेला, जिला युवा कल्याण अधिकारी डीएन कांडपाल, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी राजा यादव, खंड विकास अधिकारी केसर सिंह बिष्ट और ब्लॉक समाज कल्याण अधिकारी रविंद्र कोहली मौजूद रहे।
इसके अलावा पूर्व मंडल महामंत्री कैलाश बोरा, पूर्व कॉपरेटिव अध्यक्ष प्रकाश भंडारी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि भूपाल मेहरा, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष शंकर बिष्ट, मंडल महामंत्री कृष्णा भंडारी, पूर्व प्रदेश युवा मोर्चा अध्यक्ष सुरेश बोरा और पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य कैलाश जोशी सहित विभागीय अधिकारी, पार्टी कार्यकर्ता और खिलाड़ी उपस्थित रहे।