युवाओं के लिए धामी का बड़ा विजन, रोजगार से स्टार्टअप तक नए अवसरों पर जोर

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को रेंजर्स ग्राउंड में आयोजित ‘युवा संकल्प दिवस’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। अपने जन्मदिन को युवा संकल्प दिवस के रूप में मनाए जाने पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश के युवाओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जन्मदिन पर युवा शक्ति के बीच उपस्थित होना उनके लिए सबसे बड़ा उपहार है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के युवा मेहनती, प्रतिभाशाली और अनुशासित हैं। उनकी ऊर्जा और संकल्प में विकसित एवं आत्मनिर्भर उत्तराखंड की तस्वीर दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि युवाओं को बेहतर शिक्षा, कौशल, रोजगार और उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकार का प्रयास है कि युवाओं को अपने सपनों को पूरा करने के लिए मजबूरी में गांव, घर या प्रदेश से बाहर न जाना पड़े।

धामी ने कहा कि युवा केवल नौकरी तलाशने वाले नहीं, बल्कि रोजगार उपलब्ध कराने वाले उद्यमी भी बनें। शिक्षा से कौशल विकास, रोजगार से स्वरोजगार और स्टार्टअप से खेल तक युवाओं के लिए नए अवसर तैयार करने पर सरकार काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, ऑटोमेशन और डिजिटल तकनीक के कारण रोजगार और उद्योगों का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। ऐसे में युवाओं को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप आधुनिक तकनीकी कौशल से जोड़ना जरूरी है। पर्यटन, होमस्टे और स्थानीय उत्पादों के जरिए भी स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि पर्वतीय क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने के लिए चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में विशेष औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने का निर्णय लिया गया है। इन क्षेत्रों में रोजगार और उद्यमिता के अवसर बढ़ाने का उद्देश्य युवाओं को स्थानीय स्तर पर बेहतर विकल्प उपलब्ध कराना है। विशेष औद्योगिक पार्कों की घोषणा पहले भी सरकार की ओर से की जा चुकी है।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से नवाचार, कौशल और उद्यमिता को अपनाकर प्रदेश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.