हॉकी इंडिया में बड़ा एक्शन, महानिदेशक आरके श्रीवास्तव पर क्यों गिरी गाज?

नई दिल्ली। हॉकी इंडिया में अनुशासनात्मक कार्रवाई के तहत संगठन के महानिदेशक कमांडर आरके श्रीवास्तव को तत्काल प्रभाव से उनके पद से जुड़े सभी दायित्वों और अधिकारों का इस्तेमाल करने से रोक दिया गया है। हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने श्रीवास्तव को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए कर्तव्य में लापरवाही और निर्देशों की कथित अवहेलना समेत कई आरोप लगाए हैं।

कारण बताओ नोटिस में सबसे प्रमुख आरोप विश्व कप से पहले राष्ट्रीय टीम की जर्सी के रंगों में बिना पूर्व अनुमति बदलाव से जुड़ा है। नोटिस के अनुसार, अध्यक्ष के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद श्रीवास्तव के विश्व कप के लिए यात्रा करने को लेकर भी आपत्ति जताई गई। अध्यक्ष कार्यालय ने उनकी जगह पूर्व खिलाड़ियों सुबद्रा प्रधान, रानी रामपाल और सरदार सिंह को चयनकर्ता एवं जूनियर कोच के तौर पर यात्रा की मंजूरी दी थी। आरोप है कि श्रीवास्तव को इस संबंध में जानकारी नहीं दी गई।

इसके अलावा हॉकी इंडिया लीग से जुड़े फ्रेंचाइजी समन्वय और प्राथमिकता वाले कार्यों में कथित तौर पर मनमाने फैसले लेने का आरोप भी लगाया गया है। अनुबंधित जनसंपर्क एजेंसी के खिलाफ निर्देशित अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं करने को भी नोटिस में शामिल किया गया है।

दक्षिण अफ्रीका दौरे के दौरान खिलाड़ियों और मुख्य कोच क्रेग फुल्टन से जुड़े कथित दुर्व्यवहार की शिकायतों पर कार्रवाई का प्रमाण उपलब्ध नहीं कराने का आरोप भी श्रीवास्तव पर लगाया गया है। इसके साथ ही विक्रम पाल से जुड़े मामले में आंतरिक/पीओएसएच समिति की कार्यवाही और रिपोर्ट रिकॉर्ड में उपलब्ध नहीं होने तथा एफआईएच, एएचएफ और राष्ट्रीय महासंघों से प्राप्त कुछ संचार को रोके जाने का भी उल्लेख है।

हॉकी इंडिया ने स्पष्ट किया है कि आगे की कार्रवाई संगठन के उपनियमों के अनुसार की जाएगी। श्रीवास्तव को सभी आधिकारिक रिकॉर्ड, दस्तावेज, फाइलें, एक्सेस क्रेडेंशियल, संपत्तियां और लंबित मामलों का परिचालन प्रभार अध्यक्ष कार्यालय द्वारा नामित अधिकारी को सौंपने का निर्देश दिया गया है। अब श्रीवास्तव को नोटिस का जवाब देना होगा, जिसके बाद मामले में आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई तय की जाएगी।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.