After Header-1

सीएम धामी ने सड़क विकास के लिए मंजूर किए 36 करोड़ रुपये, हरिद्वार से नैनीताल तक होंगे काम

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में सड़क संपर्क मजबूत करने और निर्माण कार्यों को गति देने के लिए विभिन्न विकास योजनाओं के तहत करीब 36 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति को अनुमोदन प्रदान किया है। इन योजनाओं के अंतर्गत हरिद्वार, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जिलों में सड़कों का निर्माण एवं सुधारीकरण किया जाएगा। इसके साथ ही देहरादून शहर की प्रमुख सड़कों के रखरखाव की निगरानी के लिए डिजिटल तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का उपयोग भी किया जाएगा।

हरिद्वार में सीसी मार्गों का होगा निर्माण

राज्य योजना के तहत हरिद्वार विधानसभा क्षेत्र के मध्य हरिद्वार में पांच किलोमीटर सीसी मार्ग निर्माण के लिए 4.21 करोड़ रुपये और ज्वालापुर क्षेत्र में पांच किलोमीटर सीसी मार्ग के लिए 4.83 करोड़ रुपये की स्वीकृति को मंजूरी दी गई है। इन कार्यों से संबंधित क्षेत्रों में सड़क संपर्क बेहतर होने की उम्मीद है।

नैनीताल और ऊधमसिंह नगर में सड़कों का सुधारीकरण

नैनीताल जिले के कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र के कोटाबाग विकासखंड में राज्य मार्ग संख्या 61 के किमी 75.200 से 81.00 तक बीएम/एसडीबीसी तकनीक से सड़क सुधारीकरण के लिए पांच करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

वहीं, ऊधमसिंह नगर जिले के गदरपुर विधानसभा क्षेत्र में नेतानगर से राधास्वामी सत्संग होते हुए अमरपुर तक सड़क सुधारीकरण और आंतरिक मार्गों पर इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने के लिए 6.14 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। श्रीरामपुर से धीमरी ब्लॉक होते हुए चकीमोड़ तक सड़क निर्माण के लिए 5.73 करोड़ रुपये स्वीकृत करने का अनुमोदन भी दिया गया है।

देहरादून में एआई से होगी सड़कों के रखरखाव की निगरानी

देहरादून शहर की प्रमुख सड़कों के रखरखाव के लिए परफॉर्मेंस बेस्ड मेंटेनेंस कॉन्ट्रैक्ट (पीबीएमसी) के तहत पर्यवेक्षण सलाहकार नियुक्त किया जाएगा। इस कार्य के लिए 4.63 करोड़ रुपये की स्वीकृति को अनुमोदन दिया गया है।

इस व्यवस्था में सूचना प्रौद्योगिकी और एआई की मदद से रखरखाव कार्यों का निष्पक्ष मूल्यांकन किया जाएगा। साथ ही डिजिटल डैशबोर्ड के माध्यम से सड़क और बुनियादी ढांचे की निगरानी की जाएगी। इसका उद्देश्य सड़क रखरखाव की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था को बेहतर बनाना है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.