30 फीट नीचे नदी में गिरी बस, 17 घायल; चालक की हालत गंभीर

तेनकासी। तमिलनाडु के तेनकासी जिले में रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेनकासी-तिरुनेलवेली मार्ग पर यात्रियों से भरी तमिलनाडु सरकार की बस अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 30 फीट नीचे अजुथा कन्नी नदी में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बस में 32 यात्री सवार थे और कई यात्रियों के वाहन के अंदर फंसे होने की आशंका जताई गई।

हादसे की सूचना मिलते ही तेनकासी दमकल एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। पुलिस के मुताबिक दुर्घटना में कम से कम 17 यात्री घायल हुए हैं। बस चालक 49 वर्षीय शिवशक्ति को गंभीर चोटें आई हैं। उनकी हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए तिरुनेलवेली स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं, अन्य घायलों को तेनकासी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा वेट्टाइकरनकुलम के पास हुआ। अचानक बस पलटने के बाद नदी में जा गिरी। हालांकि, दुर्घटना किस वजह से हुई, इसका अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। कोर्टालम पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

दूसरी ओर, आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में शनिवार को द्वारका बस स्टेशन पर एक खाली बस में आग लगने की घटना सामने आई। आंध्र प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (एपीएसआरटीसी) के अनुसार, आग लगने के समय बस में कोई यात्री मौजूद नहीं था और सभी यात्रियों को पहले ही सुरक्षित उतार लिया गया था। पार्सल भी बस से उतारे जा चुके थे।

नैल्लोर-1 डिपो की बस सुबह करीब सात बजे द्वारका बस स्टेशन पहुंची थी। यात्रियों के उतरने के बाद चालक बस को वाल्टेयर डिपो ले जा रहा था। इसी दौरान चालक को बस से धुआं निकलता दिखाई दिया। उसने तत्काल बस रोककर अधिकारियों को सूचना दी और दमकल विभाग को बुलाया गया। हालांकि, आग पर काबू पाने से पहले बस का इंजन और पूरा वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.