श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में कथित सीमापार आतंकी साजिश और स्थानीय सहयोगी नेटवर्क की जांच के तहत राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने शनिवार सुबह कश्मीर के कई जिलों में एक साथ तलाशी अभियान चलाया। एजेंसी की टीमों ने कुलगाम, बांदीपोरा और बारामूला जिलों में कुल सात ठिकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान स्थानीय पुलिस और सुरक्षा बलों की टीमें भी NIA के साथ मौजूद रहीं।
सूत्रों के मुताबिक कुलगाम में दो, बांदीपोरा में तीन और बारामूला जिले के सोपोर में दो स्थानों पर तलाशी ली गई। जांच एजेंसी का फोकस कथित तौर पर पाकिस्तान में बैठे हैंडलरों और स्थानीय ओवर ग्राउंड वर्कर्स (OGW) के बीच संपर्क तथा आतंकी गतिविधियों में उनके संभावित सहयोग का पता लगाने पर है। आशंका है कि स्थानीय नेटवर्क ने घुसपैठ करने वाले आतंकियों को रसद, ठिकाना और अन्य सहायता उपलब्ध कराई।
यह कार्रवाई श्रीनगर के जकूरा पुलिस स्टेशन में दर्ज एक मामले से जुड़ी बताई जा रही है, जिसे बाद में NIA ने अपने स्तर पर फिर से दर्ज किया था। इसी मामले में एजेंसी इससे पहले 22 अगस्त को भी श्रीनगर, कुपवाड़ा, अनंतनाग, पुलवामा और बडगाम में 10 स्थानों पर तलाशी ले चुकी है।
मामले की शुरुआत 31 मार्च की देर रात नाके के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति की गिरफ्तारी के बाद हुई थी। उसके पास से एक हथगोला और जिंदा कारतूस बरामद होने का दावा किया गया था। जांच आगे बढ़ने पर कथित तौर पर पाकिस्तान स्थित आतंकियों और स्थानीय सहयोगियों के बीच संपर्क के सुराग सामने आए।
NIA अब इस नेटवर्क से जुड़े संचार माध्यमों, वित्तीय लेन-देन, आरोपियों की आवाजाही और हथियार एवं विस्फोटकों के स्रोत की जांच कर रही है। एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आतंकी नेटवर्क किस तरह संचार, लॉजिस्टिक्स, आवाजाही, छिपने के ठिकानों और अन्य सहायता का इस्तेमाल करता था। शनिवार की कार्रवाई को इसी कथित नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।