अक्षय कुमार के इन विलेन किरदारों ने चौंकाया, अब ‘हैवान’ में क्या होगा?

मुंबई । बॉलीवुड के खिलाड़ी कुमार यानी अक्षय कुमार जल्द ही क्राइम थ्रिलर फिल्म ‘हैवान’ में एक नए और दमदार ने ईएमएसगेटिव किरदार में नजर आने वाले हैं। एक्शन और कॉमेडी फिल्मों के लिए मशहूर अक्षय अपने लंबे करियर में कई बार ऐसे किरदार निभा चुके हैं, जिनमें उनका अलग और चुनौतीपूर्ण अभिनय देखने को मिला है। अब ‘हैवान’ में उनका खलनायक वाला अंदाज दर्शकों के बीच कितना असर छोड़ता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।

अक्षय ने 1997 की फिल्म ‘अफलातून’ में राजा और रॉकी की दोहरी भूमिका निभाई थी। राजा जहां छोटा-मोटा चोर था, वहीं रॉकी एक बेरहम और खतरनाक हत्यारा था। दोनों की शक्ल एक जैसी होने के कारण फिल्म की कहानी में कई दिलचस्प मोड़ आए।

इसके बाद वर्ष 2000 में रिलीज हुई ‘खिलाड़ी 420’ में अक्षय ने देव कुमार मल्होत्रा और आनंद कुमार मल्होत्रा का किरदार निभाया। देव एक चालाक ठग था, जो खुद को सफल कारोबारी बताकर रितु को प्रेमजाल में फंसाता है और उसकी संपत्ति पर कब्जा करने की साजिश रचता है। वहीं उसका भाई आनंद सच्चाई सामने आने के बाद रितु की मदद करता है।

अक्षय के नेगेटिव किरदारों में 2001 की फिल्म ‘अजनबी’ खास मानी जाती है। इसमें उन्होंने विक्रम बजाज उर्फ विक्की का चालाक और खतरनाक किरदार निभाया था। इस भूमिका के लिए उन्हें पहली बार फिल्मफेयर के सर्वश्रेष्ठ खलनायक पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

2013 में ‘वन्स अपॉन ए टाइम इन मुंबई दोबारा’ में अक्षय ने अंडरवर्ल्ड डॉन शोएब खान की भूमिका निभाकर भी दर्शकों को प्रभावित किया। वहीं 2018 की फिल्म ‘2.0’ में उन्होंने वैज्ञानिक पक्षीराजन का किरदार निभाया, जो बाद में फिल्म का प्रमुख विरोधी बन जाता है। इस भूमिका के लिए उन्हें रोजाना करीब चार से छह घंटे प्रोस्थेटिक मेकअप से गुजरना पड़ता था।

अब ‘हैवान’ में अक्षय का नया नेगेटिव अवतार कितना प्रभावशाली साबित होता है, यह देखना दिलचस्प होगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.