नई दिल्ली, चीन के मोकी में खेले जा रहे जूनियर एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मलेशिया को 3-1 से हराकर लगातार चौथी बार फाइनल में प्रवेश कर लिया। इस जीत के साथ भारत अब अपने छठे जूनियर एशिया कप खिताब से सिर्फ एक कदम दूर है। खिताबी मुकाबले में भारत का सामना दक्षिण कोरिया से होगा, जिसने दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान को 4-1 से हराया।
मलेशिया के खिलाफ सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए। अजीत यादव ने शुरुआती दो मिनट में ही दो बार गोल करने के प्रयास किए, लेकिन मलेशियाई गोलकीपर अमस्यार मोहामद आदिब ने शानदार बचाव कर भारत को शुरुआती बढ़त लेने से रोके रखा। भारत को पहले क्वार्टर में तीन पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन टीम उन्हें गोल में नहीं बदल सकी। इसके चलते पहला क्वार्टर गोलरहित रहा।
भारत को 16वें मिनट में सफलता मिली। चौथे पेनल्टी कॉर्नर पर कप्तान अनमोल एक्का ने शानदार लो फ्लिक लगाकर गेंद को गोल में पहुंचाया और टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। मलेशिया ने इसके बाद जवाबी हमला तेज किया, लेकिन भारतीय गोलकीपर विवेक लाकड़ा और डिफेंस ने उसके प्रयासों को नाकाम कर दिया। हाफ टाइम तक भारत ने अपनी बढ़त कायम रखी।
दूसरे हाफ में भी भारतीय खिलाड़ियों ने दबाव बनाए रखा। 51वें मिनट में सुखविंदर सिंह ने शानदार फिनिश के साथ भारत की बढ़त 2-0 कर दी। इसके दो मिनट बाद मलेशिया को पेनल्टी स्ट्रोक मिला, लेकिन विवेक लाकड़ा ने अपनी बाईं ओर शानदार डाइव लगाकर गेंद रोक दी। उनके इस बचाव ने भारत की बढ़त बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई।
मलेशिया ने बाद में एक गोल कर अंतर 2-1 किया, लेकिन अनमोल एक्का ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत की जीत 3-1 से सुनिश्चित कर दी। शानदार प्रदर्शन के लिए विवेक लाकड़ा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
भारत ने इससे पहले जूनियर एशिया कप का खिताब पांच बार जीता है। अब टीम के सामने छठी बार चैंपियन बनने का मौका है। वहीं, कांस्य पदक के मुकाबले में मलेशिया और पाकिस्तान की भिड़ंत 13 सितंबर को होगी।