After Header-1

बिहार के घायल छात्रों से मिले राहुल गांधी, गोलीकांड पर उठाए गंभीर सवाल

नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बिहार में छात्र आंदोलन के दौरान पुलिस कार्रवाई में घायल हुए तीन युवाओं से मुलाकात की। उन्होंने छात्रों की स्थिति जानी और उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। राहुल गांधी ने कहा कि युवाओं की मांग शिक्षा, रोजगार और जवाबदेही से जुड़ी थी, ऐसे में उनके खिलाफ गोली चलाए जाने का सवाल गंभीर है।

राहुल गांधी ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर मुलाकात का एक वीडियो साझा किया। इसमें वह अपने आवास पर बिहार के घायल छात्रों मोहम्मद आरिफ, बुलेट कुमार गौड़ और आकाश कुमार से बातचीत करते नजर आए। छात्रों ने उन्हें आंदोलन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई और अपनी चोटों के बारे में जानकारी दी।

बताया गया कि बुलेट कुमार गौड़ के पैर में गोली लगी है और वह बैसाखी के सहारे चल रहे हैं। उनके पैर की हड्डी गोली लगने से टूट गई। वहीं, मोहम्मद आरिफ और आकाश कुमार के कंधे में गोली लगी है। चोट के कारण एक छात्र के हाथ की गतिविधियां भी प्रभावित हुई हैं।

राहुल गांधी ने कहा कि इन युवाओं ने कोई अपराध नहीं किया था। वे गरीब परिवारों से आने वाले छात्र हैं, जो पढ़ाई कर अपने परिवार की स्थिति बदलने और बेहतर भविष्य बनाने का सपना देख रहे थे। उन्होंने कहा कि एक छात्र सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करना चाहता था, लेकिन पैर में लगी गोली के कारण उसका सपना प्रभावित हो गया।

मुलाकात के दौरान छात्रों ने परीक्षा व्यवस्था में कथित गड़बड़ी और पेपर लीक के विरोध में शांतिपूर्ण प्रदर्शन किए जाने की बात कही। राहुल गांधी ने उनकी चोटों को देखा और उनकी समस्याएं सुनीं।

राहुल गांधी ने एक घायल छात्र को दिल्ली में बेहतर इलाज उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि वे छात्रों के साथ खड़े हैं और उनकी मदद के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। इस मुलाकात के बाद बिहार के छात्र आंदोलन और पुलिस कार्रवाई को लेकर राजनीतिक बहस फिर तेज होने के संकेत हैं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.