चंपावत। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को रामलीला मैदान, धूरा चंपावत में आयोजित ‘मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव-2026’ कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने जिले के सर्वांगीण विकास के लिए 62.97 करोड़ रुपये की 50 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने 11.08 करोड़ रुपये की 20 योजनाओं का लोकार्पण किया, जबकि 51.89 करोड़ रुपये की 30 नई योजनाओं का शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं के पूरा होने से जिले में सड़क, पेयजल, सिंचाई, बाढ़ सुरक्षा और धार्मिक पर्यटन से जुड़े बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों की भी घोषणा की। इनमें धूरा में पेयजल योजना, धूरा से सेतीचौड़ ब्याला तक संपर्क मोटर मार्ग, ककनई के बूंगा दुर्गापीपल तक सड़क निर्माण और भागिना भंडारी में विद्यालयों तक सीसी मार्ग व इंटरलॉकिंग टाइल्स का कार्य शामिल है। इसके अलावा धन और बस्तियागूंठ क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों के सौंदर्यीकरण की योजना भी प्रस्तावित है।
मुख्यमंत्री ने बाढ़ और भूकटाव की समस्या से प्रभावित क्षेत्रों को भी प्राथमिकता दी। आमोड़ी, भलुवागाड़ी, डोलाकांडा, फुरकियाझाला, छतकोट, बेलखेत, खिरद्वारी, बुडम, झालाकुड़ी, नौलापानी और बस्तियागूंठ के मास्वाड़ तोक सहित विभिन्न स्थानों पर वायरक्रेट के जरिए सुरक्षा कार्य किए जाएंगे।
इसके साथ ही पोथ की लदिया नदी पर झूला पुल, दियूरी-चौड़ा मार्ग का सुधारीकरण एवं डामरीकरण, डांडा ककनई में सिंचाई नलकूप, सुखीढांग-डांडा-मीनार मोटर मार्ग पर हॉटमिक्स तथा बुडम के कठोल में झूला पुल का निर्माण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि चंपावत की माताओं, बहनों, बेटियों और भांजियों के बीच आकर उन्हें अपने घर जैसा महसूस होता है। उन्होंने कुमाऊंनी भाषा में मातृशक्ति से संवाद करते हुए कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सम्मान, स्वावलंबन और बेटियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए लगातार काम कर रही है।