भाजपा को मिला गोरखा समुदाय का साथ, गोरखा डेमोक्रेटिक फ्रंट का हुआ विलय

देहरादून। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भारतीय जनता पार्टी ने संगठन विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। गोरखा समुदाय से जुड़े राजनीतिक संगठन गोरखा डेमोक्रेटिक फ्रंट का भाजपा में औपचारिक विलय हो गया। फ्रंट के भाजपा में शामिल होने को प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने पार्टी संगठन को मजबूती देने वाला कदम बताया और इसे वर्ष 2027 में भाजपा की लगातार तीसरी सरकार के लिए शुभ संकेत करार दिया।

भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान गोरखा डेमोक्रेटिक फ्रंट के केंद्रीय अध्यक्ष सूर्य विक्रम शाही ने प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को संगठन के विलय से संबंधित औपचारिक पत्र सौंपा। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने सूर्य विक्रम शाही सहित फ्रंट के अन्य पदाधिकारियों को भाजपा का पटका पहनाकर पार्टी की सदस्यता दिलाई।

इस मौके पर महेंद्र भट्ट ने गोरखा डेमोक्रेटिक फ्रंट के भाजपा में शामिल होने का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी विधानसभा चुनावों में फ्रंट की ओर से भाजपा को प्रत्यक्ष समर्थन दिया गया था। इसके अलावा संगठन ने कई विधानसभा क्षेत्रों में सक्रिय रूप से चुनावी गतिविधियों में हिस्सा लिया है। ऐसे में अब भाजपा में औपचारिक विलय से पार्टी को जमीनी स्तर पर और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

भट्ट ने कहा कि जब विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के लोग भाजपा से जुड़ते हैं तो संगठन का आधार व्यापक होता है। उन्होंने गोरखा फ्रंट के फैसले को उत्तराखंड के हित में बताते हुए विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में इसका सकारात्मक प्रभाव देखने को मिलेगा।

उन्होंने फ्रंट से जुड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि भाजपा में उनके मान-सम्मान का पूरा ध्यान रखा जाएगा। संगठन की जरूरत और संबंधित लोगों की उपयोगिता के अनुसार उन्हें पार्टी की गतिविधियों में उचित जिम्मेदारियां और सहयोग का अवसर दिया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा में हुई जनहानि पर श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई। उपस्थित लोगों ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए जरूरतमंदों की हरसंभव सहायता करने की अपील की।

Leave A Reply

Your email address will not be published.