जयपुर। आगामी रक्षाबंधन पर्व और प्रसिद्ध धार्मिक मेलों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने तीन विशेष ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। इन ट्रेनों का उद्देश्य खाटू श्यामजी और रामदेवरा मेले में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ त्योहार के दौरान सफर करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा उपलब्ध कराना है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के सीपीआरओ अमित सुदर्शन ने बताया कि विशेष ट्रेनों के संचालन से बड़ी संख्या में यात्रियों और श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी। इनमें पहली ट्रेन दिल्ली सराय रोहिल्ला-रींगस एकादशी अनारक्षित स्पेशल होगी। यह ट्रेन दिल्ली और हरियाणा से खाटू श्यामजी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष रूप से उपयोगी रहेगी।
गाड़ी संख्या 04415 दिल्ली सराय रोहिल्ला से 22 अगस्त 2026 को शाम 7:10 बजे रवाना होगी और रात 12:40 बजे रींगस पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 04416 23 अगस्त को रींगस से रात 2 बजे रवाना होकर सुबह 6:30 बजे दिल्ली सराय रोहिल्ला पहुंचेगी। ट्रेन का ठहराव दिल्ली कैंट, गुरुग्राम, पटौदी रोड, रेवाड़ी, नारनौल और नीम का थाना सहित कई स्टेशनों पर रहेगा। इसमें कुल 13 डिब्बे होंगे, जिनमें 11 साधारण श्रेणी के कोच शामिल हैं।
रींगस रेलवे स्टेशन खाटू श्यामजी मंदिर का प्रमुख निकटतम रेलवे स्टेशन है। ऐसे में एकादशी-द्वादशी के मासिक मेले के दौरान यह ट्रेन दिल्ली, गुरुग्राम और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए काफी सुविधाजनक साबित होगी।
इसके अलावा जोधपुर-रामदेवरा-भगत की कोठी स्पेशल ट्रेन बाबा रामदेवजी के मेले में जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए संचालित की जाएगी। वहीं, त्योहारों के दौरान अतिरिक्त यात्री भार को देखते हुए लालकुआं-साबरमती साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन भी चलाई जाएगी।
रेलवे के इस फैसले से धार्मिक मेलों और त्योहारों के दौरान यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। विशेष ट्रेनों के संचालन से भीड़ को नियंत्रित करने के साथ यात्रियों की यात्रा को अधिक सुगम और सुविधाजनक बनाने में मदद मिलेगी।