After Header-1

सीमा से सिर्फ 1 किमी दूर घर पर धमाका, तीन घायल; बाइक सवारों पर शक

चंडीगढ़,  पंजाब के अमृतसर जिले में भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे गांव जट्टा में गुरुवार रात एक घर में हुए विस्फोट से दहशत फैल गई। घटना में एक ही परिवार के तीन लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना के बाद पंजाब पुलिस और सेना की टीमों ने इलाके में पहुंचकर जांच शुरू कर दी।

स्थानीय लोगों के मुताबिक रात में बाइक सवार दो संदिग्ध युवक एक घर के पास पहुंचे। दोनों ने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे। आरोप है कि उन्होंने घर की ओर एक विस्फोटक वस्तु फेंकी, जिसके बाद तेज धमाका हुआ। धमाके से घर की खिड़कियों के शीशे टूट गए और आसपास खड़ी एक गाड़ी को भी नुकसान पहुंचा। इसी दौरान परिवार के तीन सदस्य घायल हो गए।

परिवार के एक सदस्य ने बताया कि वह अपने भाई को खाना देने के लिए घर पहुंचा था। उसी समय बाइक पर सवार दो अज्ञात लोग वहां आए और घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। हालांकि, पुलिस ने अभी तक आधिकारिक तौर पर यह पुष्टि नहीं की है कि इस्तेमाल किया गया पदार्थ वास्तव में ग्रेनेड ही था।

घटना की सूचना मिलते ही सेना और पंजाब पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। सुरक्षा बलों ने इलाके को घेरकर तलाशी अभियान चलाया। घटनास्थल से विस्फोटक के कुछ टुकड़े और अन्य सामग्री बरामद किए जाने की जानकारी है। फोरेंसिक टीम भी मामले की जांच में जुटी है।

सीमा से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर हुई इस घटना ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। शिरोमणि अकाली दल के नेता जौध सिंह समरा ने घटना को लेकर पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती इलाके में इस तरह की घटना गंभीर चिंता का विषय है।

वहीं, एसपी ग्रामीण रमनदीप सिंह ने कहा कि पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि फोरेंसिक साइंस लैब यानी एफएसएल की रिपोर्ट आने के बाद धमाके में इस्तेमाल सामग्री और घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी। रिपोर्ट तथा जांच के आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस हमलावरों की पहचान और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.