After Header-1

अंकिता को अब तक न्याय क्यों नहीं? गोदियाल ने सरकार पर उठाए सवाल

देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने अंकिता भंडारी हत्याकांड और प्रदेश में युवा आयोग के गठन को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि अंकिता भंडारी की हत्या के साढ़े तीन साल बाद भी उसके परिवार को पूरी तरह न्याय नहीं मिल पाया है और सरकार उनकी शेष मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं कर रही है।

गोदियाल ने कहा कि पौड़ी गढ़वाल की 19 वर्षीय बेटी अंकिता भंडारी के परिवार की पीड़ा लगातार बनी हुई है। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की अंकिता के माता-पिता से मुलाकात का जिक्र करते हुए भाजपा के संगठनात्मक बदलाव पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि अंकिता के परिवार की आवाज राष्ट्रीय स्तर पर उठने के बाद भाजपा असहज नजर आई। उन्होंने सरकार से पीड़ित परिवार की लंबित मांगों पर तत्काल निर्णय लेने की मांग की।

युवा आयोग को लेकर भी निशाना

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने हाल में गठित युवा आयोग को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने इसे ‘डैमेज कंट्रोल’ की कवायद करार देते हुए कहा कि जिन युवाओं ने रोजगार और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर आंदोलन किया, उनके खिलाफ मुकदमे और लाठीचार्ज की कार्रवाई की गई। अब युवाओं में बढ़ते आक्रोश को देखते हुए आयोग बनाया जा रहा है।

गोदियाल ने भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, प्रश्नपत्र लीक और भर्ती घोटालों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि इन मामलों से प्रभावित युवाओं के भविष्य की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। सरकार को केवल आयोग गठित करने के बजाय रोजगार के अवसर बढ़ाने, भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाने और नकल माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई पर ध्यान देना चाहिए।

उन्होंने पूर्व में गठित पलायन आयोग को लेकर भी सवाल उठाया और पूछा कि उसकी रिपोर्ट तथा कार्यप्रणाली का क्या हुआ। गोदियाल ने कहा कि उत्तराखंड का युवा अब केवल घोषणाओं से संतुष्ट नहीं होगा। उसे रोजगार, पारदर्शी भर्ती व्यवस्था और सम्मानजनक व्यवहार चाहिए।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.