वीवीआईपी दौरे से पहले दून की सीमाओं पर पहरा, पुलिस-अर्द्धसैनिक बलों ने किया फ्लैग मार्च

देहरादून। उपराष्ट्रपति के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए देहरादून पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन और संदिग्ध वाहनों की तलाश के लिए व्यापक चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस की टीमें जिले की सीमाओं से लेकर प्रमुख आंतरिक मार्गों तक लगातार निगरानी कर रही हैं।

सभी थाना क्षेत्रों में पुलिसकर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। प्रमुख प्रवेश मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर बाहरी व्यक्तियों तथा वाहनों की गहन जांच की जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ संदिग्ध पाए जाने वाले लोगों से पूछताछ और आवश्यक सत्यापन की कार्रवाई भी की जा रही है।

वीवीआईपी कार्यक्रम के मद्देनजर डोईवाला और कैंट क्षेत्र में पुलिस तथा अर्द्धसैनिक बलों ने संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च किया। फ्लैग मार्च के दौरान सुरक्षा बलों ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराते हुए लोगों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। अधिकारियों के मुताबिक वीवीआईपी कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो, इसके लिए संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है।

पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों की संयुक्त टीमें प्रमुख मार्गों, प्रवेश बिंदुओं और कार्यक्रम से जुड़े क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि वीवीआईपी कार्यक्रम के दौरान आमजन की सुरक्षा और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.