After Header-1

2027 में हैट्रिक के लिए BJP का बड़ा प्लान, सांसद-विधायकों को मिला टास्क

देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। देहरादून स्थित पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में गढ़वाल संभाग की सांसद और विधायक बैठक आयोजित की गई, जिसमें वर्ष 2027 में लगातार तीसरी जीत दर्ज करने के लक्ष्य के साथ चुनावी रणनीति पर मंथन किया गया। बैठक में सभी विधानसभा क्षेत्रों के लिए संगठनात्मक कार्ययोजना को अंतिम रूप देने के साथ क्षेत्रीय मुद्दों और राजनीतिक समीकरणों पर भी चर्चा हुई।

बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में टिहरी, गढ़वाल और हरिद्वार लोकसभा क्षेत्रों के सांसद, विधायक और जिलाध्यक्ष शामिल हुए। लोकसभावार हुई बैठकों में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, गढ़वाल सांसद एवं नवनियुक्त राष्ट्रीय मीडिया संयोजक तथा हरिद्वार सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत सहित संबंधित विधायकों से उनके क्षेत्रों के विकास कार्यों की प्रगति और सामाजिक-राजनीतिक परिस्थितियों की जानकारी ली गई।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पार्टी लगातार विभिन्न स्तरों पर बैठकें आयोजित कर रही है। इससे पहले नगर निकायों, मेयर, नगर पंचायत अध्यक्षों, जिला पंचायत अध्यक्षों, ब्लॉक प्रमुखों, मंडल अध्यक्षों और जिलाध्यक्षों के साथ बैठकें की जा चुकी हैं। इसी क्रम में अब सांसदों और विधायकों से विधानसभा स्तर पर फीडबैक लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बैठकों से मिले सुझावों के आधार पर आगामी समय के लिए कार्ययोजनाएं तैयार की गई हैं, जिन्हें संगठन स्तर पर लागू किया जाएगा।

विकास योजनाओं को जनता तक पहुंचाने पर जोर

बैठक में मुख्यमंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं से डबल इंजन सरकार की विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र और जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचे, इसमें संगठन की भूमिका महत्वपूर्ण है।

मानसून के दौरान प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में प्राकृतिक आपदा की स्थिति को देखते हुए धामी ने कार्यकर्ताओं से प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद करने को भी कहा। पार्टी ने चुनावी तैयारी के साथ जनसेवा को भी संगठन की प्राथमिकता बताया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.