अटल जी की पुण्यतिथि पर ‘सदैव अटल’ में उमड़े दिग्गज, राष्ट्रपति-पीएम ने दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली, 16 अगस्त। पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर रविवार को देश के शीर्ष नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित कई केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के नेताओं ने नई दिल्ली स्थित अटल बिहारी वाजपेयी की समाधि ‘सदैव अटल’ पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह समेत कई केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। सभी ने पूर्व प्रधानमंत्री के योगदान को याद करते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया।

उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि देते हुए उन्हें कुशल राजनेता, कवि और दूरदर्शी नेता बताया। उन्होंने कहा कि अटलजी ने अपना पूरा जीवन भारत की एकता, गरिमा और रणनीतिक हितों को मजबूत करने के लिए समर्पित किया। उनका समावेशी नेतृत्व, राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता और राष्ट्रीय गौरव की भावना आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि वह असाधारण दूरदृष्टि वाले विलक्षण राजनेता थे। उन्होंने अपना जीवन देश की सेवा में समर्पित कर दिया। प्रधानमंत्री के अनुसार, अटलजी के विचार और राष्ट्रहित में किए गए प्रयास आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। सुशासन और जनकल्याण को लेकर उनकी सोच वर्तमान समय में भी मार्गदर्शन करती है।

गृह मंत्री अमित शाह ने अटलजी को राष्ट्र के प्रति समर्पित देशभक्त राजनेता बताते हुए कहा कि उन्होंने जीवन का हर क्षण देश सेवा में लगाया। शाह ने कहा कि परमाणु परीक्षण और कारगिल युद्ध के दौरान अटलजी के नेतृत्व ने विश्व को भारत की सामरिक शक्ति का परिचय कराया। वहीं, उनकी मूल्य आधारित राजनीति ने अंत्योदय और सुशासन की अवधारणा को मजबूत आधार दिया।

अटल बिहारी वाजपेयी का राजनीतिक जीवन, वक्तृत्व, कविता और राष्ट्रहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता आज भी भारतीय राजनीति में विशेष स्थान रखती है। उनकी पुण्यतिथि पर नेताओं ने उनके आदर्शों और राष्ट्र निर्माण की सोच को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.