मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नैनीताल जिले के भ्रमण के दौरान चोरगलिया क्षेत्र की जनता से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य जनता को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से बचाना है।
मुख्यमंत्री राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी, चोरगलिया पहुंचे, जहां हेलीपैड पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी समेत अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
विद्यालय परिसर में मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय जनता और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की तथा उनकी कुशलक्षेम पूछने के साथ स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली। लोगों ने विभिन्न विकास कार्यों, सड़क, आवागमन और अन्य स्थानीय मुद्दों से संबंधित समस्याएं मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े मामलों का समयबद्ध तरीके से समाधान किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता है। अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ काम करते हुए यह सुनिश्चित करना चाहिए कि लोगों को अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से शिकायतों के निस्तारण की प्रभावी निगरानी करने को भी कहा।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग पर शेर नाले में करीब 9.93 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 120 मीटर लंबे डबल लेन आरसीसी कंक्रीट पुल का लोकार्पण किया।
शेर नाले में मानसून के दौरान तेज बहाव के कारण अक्सर आवागमन बाधित होता था। इससे स्थानीय लोगों को लंबा रास्ता तय करना पड़ता था और यात्रियों के साथ पर्यटकों को भी परेशानी होती थी। नए पुल के शुरू होने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होने के साथ बरसात के मौसम में कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट समेत कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।