After Header-1

सोशल मीडिया पर परिवार की गुहार पहुंची सीएम तक, हवलदार पंकज की तलाश तेज

चमोली/देहरादून, चमोली जिले की नीति घाटी में भारी बारिश के कारण उफान पर आए तमक नाले में लापता हुए बीआरओ के हवलदार पंकज की तलाश को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंभीरता दिखाई है। हवलदार पंकज के परिजनों ने सोशल मीडिया के माध्यम से सरकार से मदद की अपील की थी। मुख्यमंत्री ने इस मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को खोज एवं बचाव अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा है कि हवलदार पंकज की तलाश के लिए चलाए जा रहे अभियान की लगातार निगरानी की जाए और उपलब्ध सभी संसाधनों का प्रभावी इस्तेमाल किया जाए। इसके बाद सेना, सीमा सड़क संगठन (BRO), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP), पुलिस, जिला प्रशासन, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीमें खोज अभियान में जुटी हुई हैं।

बताया गया है कि हवलदार पंकज पिथौरागढ़ जिले के निवासी हैं। उनके लापता होने की सूचना के बाद स्थानीय प्रशासन ने परिवार से संपर्क बनाए रखा है। पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी ने परिजनों से बातचीत कर उन्हें प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है।

मुख्यमंत्री कार्यालय भी परिवार के संपर्क में है और अभियान की प्रगति की लगातार जानकारी ली जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वयं फोन पर हवलदार पंकज के परिजनों से बातचीत की। उन्होंने परिवार का हाल जाना और उन्हें भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ उनके साथ खड़ी है।

मुख्यमंत्री ने परिजनों को आश्वस्त किया कि हवलदार पंकज की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे और जरूरत के अनुसार परिवार को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने और अभियान को प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।

भारी बारिश और पहाड़ी क्षेत्र की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच विभिन्न एजेंसियों की टीमें लगातार संभावित स्थानों पर तलाश कर रही हैं। प्रशासन की प्राथमिकता हवलदार पंकज का जल्द से जल्द पता लगाना और परिवार को सुरक्षित एवं सही जानकारी उपलब्ध कराना है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.