द्वाराहाट में कमल खिलाने की तैयारी, धन सिंह रावत ने कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र

अल्मोड़ा/देहरादून। विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भाजपा ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में अल्मोड़ा जिले के प्रभारी मंत्री एवं कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शुक्रवार को द्वाराहाट विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के विभिन्न संगठनात्मक कार्यक्रमों और बैठकों में हिस्सा लिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और जनता के साथ लगातार संवाद बनाए रखने का आह्वान किया।

द्वाराहाट मंडल के शक्ति केंद्र असगोली में आयोजित बैठक में डॉ. रावत ने कार्यकर्ताओं को बूथ प्रबंधन से जुड़े टिप्स और जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि द्वाराहाट में भाजपा का कमल खिलाने के लक्ष्य के साथ प्रत्येक कार्यकर्ता को एकजुट होकर पूरी निष्ठा और समर्पण से काम करना होगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का उत्साह और समर्पण ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है।

इसके बाद डॉ. रावत ने मंडल अध्यक्षों, मंडल महामंत्रियों, जिला पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और पूर्व पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठकें कीं। इन बैठकों में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, पार्टी की गतिविधियों और बूथ स्तर की तैयारियों की समीक्षा की गई। उन्होंने पदाधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और संगठन को अधिक सक्रिय बनाने पर जोर दिया।

दरअसल, भाजपा ने विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के तहत प्रदेश की उन 23 विधानसभा सीटों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया है, जहां वर्ष 2022 के चुनाव में पार्टी को जीत नहीं मिली थी। इन सीटों पर संगठन और चुनावी प्रबंधन को मजबूत करने के लिए वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इसी क्रम में डॉ. धन सिंह रावत को द्वाराहाट विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है।

डॉ. रावत ने कार्यकर्ताओं से कहा कि बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने के साथ आम लोगों से निरंतर संपर्क बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने पार्टी के आगामी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

द्वाराहाट पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने डॉ. रावत का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में भी हिस्सा लिया और लोगों से स्वतंत्रता दिवस पर घरों एवं प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने की अपील की। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान के साथ एकता और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है।

बैठकों में भाजपा जिलाध्यक्ष घनश्याम भट्ट, जिला प्रभारी प्रदीप जनौटी, पूर्व विधायक महेश सिंह नेगी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अनिल शाही समेत पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.