स्वतंत्रता दिवस पर सीएम धामी का संदेश, उत्तराखंड में विकास से लेकर रोजगार तक गिनाईं उपलब्धियां

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, अमर शहीदों, वीर-वीरांगनाओं और राज्य आंदोलनकारियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड की जनता का भी आभार जताते हुए कहा कि प्रदेशवासी राज्य और देश की प्रगति में लगातार महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में उत्तराखंड में विकास और निवेश को लेकर किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास और निवेश को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश में 30 से अधिक नई नीतियां लागू की गई हैं। सीमांत क्षेत्रों के विकास के लिए मुख्यमंत्री सीमांत क्षेत्र विकास योजना और वाइब्रेंट विलेज योजना के माध्यम से गांवों में विकास कार्यों को गति दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को देश और विदेश के बाजारों तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड शुरू किया गया है। इसके साथ ही प्रदेश में सेब, कीवी और ड्रैगन फ्रूट मिशन को बढ़ावा देने के साथ सगंध कृषि को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य स्थानीय उत्पादों और किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड स्वतंत्र भारत में समान नागरिक संहिता लागू करने वाला पहला राज्य बना है। उन्होंने कहा कि धर्मांतरण रोकने के लिए बनाए गए कानून को प्रभावी तरीके से लागू किया जा रहा है। जनभावनाओं के अनुरूप प्रदेश में सख्त भू-कानून लागू किया गया है।

भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि नकल विरोधी कानून को प्रभावी ढंग से लागू किया गया है और नकल माफिया के खिलाफ कठोर कार्रवाई की गई है। भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के प्रयासों का परिणाम बताते हुए उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में प्रदेश में सरकारी सेवाओं में 34 हजार से अधिक नियुक्तियां की गई हैं।

मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों से राष्ट्र निर्माण, विकास और सामाजिक जिम्मेदारियों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.