सोमेश्वर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत शुक्रवार को सोमेश्वर क्षेत्र में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। प्रदेश की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा में बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं और स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा लेकर लोगों ने देशभक्ति के नारों के साथ पूरे क्षेत्र में राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
तिरंगा यात्रा की शुरुआत स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं अमर शहीद हुकम सिंह बोरा के स्मारक पर श्रद्धासुमन अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद मंत्री रेखा आर्या के नेतृत्व में यात्रा क्षेत्रीय बाजार की ओर रवाना हुई। रास्तेभर लोगों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति के नारे लगाए। यात्रा बाजार से गुजरते हुए मंत्री के आवास तक पहुंची, जहां इसका समापन किया गया।
समापन अवसर पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और गौरव की रक्षा के लिए देश के वीर सैनिकों ने समय-समय पर सर्वोच्च बलिदान दिया है। उन्होंने लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को और मजबूत करने का आह्वान किया।
मंत्री ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल घरों पर तिरंगा लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश के प्रति सम्मान, एकता और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का माध्यम भी है। तिरंगा यात्रा में युवाओं और महिलाओं की बड़ी भागीदारी ने अभियान के प्रति लोगों के उत्साह को दर्शाया।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष महेश नयाल, मंडल अध्यक्ष सुंदर सिंह राणा, गणेश जलाल, दीपक बोरा, जगदीश डंगवाल, पूर्व जिला महामंत्री ललित प्रसाद, अंजलि जोशी, राजेंद्र कैड़ा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य विपिन पाठक, अशोक जलाल, मंडल महामंत्री कृष्णा भंडारी, प्रकाश बिष्ट, महिला मोर्चा जिला महामंत्री वंदना आर्या, गोपाल सिंह खोलिया, महेश पांडे, गणेश नाथ, भूपाल मेहरा और शंकर बिष्ट समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता मौजूद रहे।