क्वेटा में पुलिस के हथियार लूटे, 14 अगस्त को लेकर बढ़ी सुरक्षा की चिंता

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में सुरक्षा हालात एक बार फिर तनावपूर्ण हो गए हैं। पंजगुर जिले के चिडगी इलाके में बलोच विद्रोहियों के खिलाफ पाकिस्तानी सेना ने सैन्य अभियान शुरू किया है। अभियान के दौरान क्षेत्र के कई हिस्सों में तेज धमाकों की आवाज सुनाई देने की खबर है। वहीं, प्रांतीय राजधानी क्वेटा में पुलिसकर्मियों से हथियार लूटे जाने की घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।

‘द बलोचिस्तान पोस्ट’ की रिपोर्ट के मुताबिक, स्थानीय सूत्रों ने बताया कि चिडगी और उसके आसपास के इलाकों में पाकिस्तानी सेना की कार्रवाई जारी है। अभियान के दौरान कई स्थानों पर मोर्टार शेल दागे जाने की बात सामने आई है। रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि सैन्य अभियान में ड्रोन का इस्तेमाल किया जा रहा है। हालांकि, अभियान में हुए नुकसान या हताहतों को लेकर फिलहाल आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

दूसरी ओर, क्वेटा में 8 अगस्त की रात हथियारबंद लोगों ने कंबरानी रोड पर पुलिस ईगल स्क्वाड के जवानों को कथित तौर पर हिरासत में लेकर उनके सरकारी हथियार छीन लिए। रिपोर्ट के अनुसार, इस दौरान हुई गोलीबारी में एक पुलिस अधिकारी मामूली रूप से घायल हुआ। हथियारबंद लोगों ने पुलिसकर्मियों के हाथ बांध दिए और उनके हथियार लेकर मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद क्वेटा में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। रिपोर्ट के अनुसार, सुरक्षा खतरे के अलर्ट के बाद शहर में फ्रंटियर कॉर्प्स और पुलिस के जवानों की तैनाती बढ़ाई गई है। पुलिस का कहना है कि क्वेटा में बलोच लिबरेशन आर्मी से खतरा बना हुआ है।

पुलिस के हवाले से यह दावा भी किया गया है कि 14 अगस्त को बलोच लिबरेशन आर्मी के लड़ाके क्वेटा में बड़े हमले की कोशिश कर सकते हैं। इसमें मजीद ब्रिगेड के आत्मघाती हमलावरों के शामिल होने की आशंका जताई गई है। सरकारी इमारतों और सुरक्षा बलों को संभावित निशाना बनाए जाने की चेतावनी के बीच प्रशासन हाई अलर्ट पर है।

बलूचिस्तान में लगातार सामने आ रही हिंसक घटनाओं ने क्षेत्र की सुरक्षा स्थिति को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.