91 रन की विस्फोटक पारी ने पलटा मैच, साउथ दिल्ली को मिली करारी हार
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेंट्रल दिल्ली को शुरुआत में ही झटका लगा और कप्तान यश ढुल सिर्फ एक रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
नई दिल्ली। युगल सैनी की शानदार 91 रन की पारी के दम पर सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 के 19वें मुकाबले में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज को चार विकेट से हरा दिया। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस हाईस्कोरिंग मुकाबले में सेंट्रल दिल्ली ने 221 रन के लक्ष्य को 19.4 ओवर में छह विकेट खोकर हासिल कर लिया। टीम ने दो गेंद शेष रहते रोमांचक जीत दर्ज की।
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी सेंट्रल दिल्ली किंग्स के सामने साउथ दिल्ली के बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए। साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज ने निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट पर 220 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। विकेटकीपर बल्लेबाज तेजस्वी दहिया ने महज 31 गेंदों में 69 रन की विस्फोटक पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में आठ छक्के और एक चौका लगाया। कप्तान आयुष बडोनी ने 25 गेंदों में 44 रन बनाए, जबकि सनत सांगवान ने 23 गेंदों पर 38 रन की उपयोगी पारी खेली।
सेंट्रल दिल्ली की ओर से मनी ग्रेवाल सबसे प्रभावी गेंदबाज रहे। उन्होंने चार ओवर में 26 रन देकर दो विकेट हासिल किए। गवनीश खुराना को भी दो सफलता मिलीं।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेंट्रल दिल्ली को शुरुआत में ही झटका लगा और कप्तान यश ढुल सिर्फ एक रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद युगल सैनी ने मोर्चा संभालते हुए मैच का रुख बदल दिया। उन्होंने 45 गेंदों पर नौ चौकों और छह छक्कों की मदद से 91 रन की तूफानी पारी खेली।
सैनी ने केशव डाबास के साथ चौथे विकेट के लिए 96 रन की अहम साझेदारी की। डाबास ने 27 गेंदों में 39 रन बनाए। इसके बाद सैनी और वंश बेदी ने तेजी से 48 रन जोड़कर टीम को जीत के करीब पहुंचाया। बेदी 13 गेंदों में 21 रन बनाकर नाबाद रहे।
साउथ दिल्ली के अंशुमान हुड्डा ने चार ओवर में 33 रन देकर तीन विकेट लिए, लेकिन अंतिम ओवरों में सेंट्रल दिल्ली के बल्लेबाजों ने धैर्य बनाए रखा और मुकाबला अपने नाम कर लिया।