माणा में पुलिस-असम रेजीमेंट आमने-सामने, जांच के दौरान विवाद ने लिया मारपीट का रूप

चीन सीमा से सटे उत्तराखंड के माणा गांव में वाहनों की जांच को लेकर पुलिस और असम रेजीमेंट के जवानों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। आरोप है कि वाहनों की जांच के दौरान शुरू हुई कहासुनी कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई। मामले में पुलिस ने 64 इंजीनियरिंग असम रेजीमेंट के मेजर अनमोल प्रीत समेत 10 से अधिक जवानों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। वहीं, रेजीमेंट स्तर पर भी मामले को लेकर कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, घटना शनिवार शाम करीब छह बजे माणा गांव के पास हुई। कांवड़ यात्रा को देखते हुए पुलिस ने क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर वाहनों की जांच शुरू की थी। कांवड़ियों की अधिक संख्या के कारण सड़क पर वाहनों का दबाव बढ़ गया था और जाम जैसी स्थिति बनी हुई थी। इसी दौरान 64 इंजीनियरिंग असम रेजीमेंट के मेजर अनमोल प्रीत अपने वाहन से वहां पहुंचे।

पुलिस का कहना है कि वाहन के दस्तावेजों की जांच में देरी को लेकर मेजर और ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड के जवान के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसके बाद मेजर वहां से चले गए, लेकिन कुछ देर बाद वह अन्य जवानों के साथ दोबारा मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार, इस दौरान होमगार्ड के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई।

विवाद की सूचना मिलने पर बदरीनाथ थाने से एक उपनिरीक्षक और अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। आरोप है कि वहां मौजूद असम रेजीमेंट के जवानों ने पुलिसकर्मियों के साथ भी मारपीट की। घटना के बाद रेजीमेंट के जवान मौके से चले गए।

मामले में पुलिस कांस्टेबल विजय सिंह की तहरीर पर बदरीनाथ थाने में मेजर अनमोल प्रीत और उनके साथ आए जवानों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। चमोली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, घटनास्थल पर मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है और उपलब्ध तथ्यों को जुटाया जा रहा है।

पुलिस ने बताया कि असम रेजीमेंट के उच्च अधिकारियों से भी संपर्क किया जा रहा है, ताकि घटना को लेकर सेना का पक्ष सामने आ सके। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.