जमशेदपुर, 7 अगस्त 2026। रॉबिन हुड आर्मी (RHA) जमशेदपुर की ओर से सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स, बिष्टुपुर में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान संगठन ने वर्ष 2026 के लिए शिक्षा और खाद्य सुरक्षा से जुड़े दो प्रमुख राष्ट्रीय अभियानों की घोषणा की। इनमें ‘भारत लर्न्स AI’ और ‘मिशन स्वदेश’ शामिल हैं।
संगठन के प्रतिनिधियों ने बताया कि ‘भारत लर्न्स AI’ अभियान के तहत देशभर में 250 एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) लर्निंग सेंटर स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है। इन केंद्रों के माध्यम से वंचित और जरूरतमंद बच्चों को आधुनिक तकनीकी शिक्षा, डिजिटल साक्षरता तथा भविष्य में रोजगार के अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
जमशेदपुर टीम ने शहर में 2 ‘भारत AI लर्निंग सेंटर’ और 3 सक्रिय लर्निंग सेंटर स्थापित करने का लक्ष्य तय किया है। इसके अलावा टीम जमशेदपुर और आसपास के दूरदराज ग्रामीण क्षेत्रों में जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचकर उन्हें एक माह का राशन उपलब्ध कराने के लिए अभियान चलाएगी।
ग्रामीण परिवारों तक पहुंचेगा राशन
दूसरे अभियान ‘मिशन स्वदेश’ के तहत दूर-दराज और ग्रामीण इलाकों में रहने वाले जरूरतमंद परिवारों तक भोजन और राशन पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। संगठन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को भोजन जैसी बुनियादी जरूरतों के लिए परेशान न होना पड़े।
RHA पदाधिकारियों ने कहा कि दोनों अभियान स्वयंसेवकों के सहयोग और समाज की भागीदारी से संचालित किए जाएंगे। उन्होंने नागरिकों, सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों और उद्योग जगत से अभियान में सहयोग की अपील की।
संगठन के अनुसार, उसका उद्देश्य केवल जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाना नहीं, बल्कि वंचित बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, तकनीकी ज्ञान और बेहतर भविष्य के अवसर उपलब्ध कराना भी है। ‘भारत लर्न्स AI’ और ‘मिशन स्वदेश’ के जरिए समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने और उसे सशक्त बनाने का प्रयास किया जाएगा।
प्रेस वार्ता में भवानी शंकर, अरुण ठाकुर, स्नेहा, शुभम, मिशुख, मृत्युंजय, कुमकुम, अनीता, देव, आकाश, नीरज, सुरभि, निधि, गगनदीप, देवकरण, शेली, देव सहित रॉबिन हुड आर्मी जमशेदपुर के कई स्वयंसेवक मौजूद रहे।
संपर्क: भवानी शंकर, सिटी रिप्रेजेंटेटिव, रॉबिन हुड आर्मी जमशेदपुर — 9334804083। अरुण कुमार ठाकुर, ग्रोथ रिप्रेजेंटेटिव — 8877173581।