दोस्ती के लिए सलमान खान का बड़ा त्याग! नई फिल्म में फीस घटाने की असली कहानी

मुंबई। बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान अपनी फिल्मों के लिए सबसे ज्यादा फीस लेने वाले अभिनेताओं में शामिल हैं। आमतौर पर वह एक फिल्म के लिए 120 करोड़ रुपये या उससे अधिक पारिश्रमिक लेते हैं, लेकिन उनकी आगामी फिल्म ‘एसवीसी 63’ को लेकर सामने आई खबरों ने इंडस्ट्री में नई चर्चा छेड़ दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बार सलमान ने अपनी सामान्य फीस से काफी कम राशि स्वीकार की है और इसकी वजह उनकी पुरानी दोस्ती बताई जा रही है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सलमान खान जल्द ही निर्देशक वामशी पैदिपल्ली की फिल्म ‘एसवीसी 63’ की शूटिंग शुरू करेंगे। यह फिल्म ईद 2027 के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज़ होने की तैयारी में है। बताया जा रहा है कि इस फिल्म के लिए सलमान ने करीब 70 करोड़ रुपये फीस ली है, जो उनकी सामान्य फीस से लगभग आधी है।

फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े सूत्रों का कहना है कि सलमान खान ने यह फैसला अपने करीबी मित्र रफी काजी के सम्मान में लिया है। रफी काजी इस प्रोजेक्ट को अंतिम रूप देने और इसके निर्माण से जुड़े अहम लोगों में शामिल बताए जा रहे हैं। दोस्ती को महत्व देते हुए सलमान ने निर्माताओं को फीस में बड़ी राहत देने का फैसला किया है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि कम फीस के बदले उन्होंने फिल्म के मुनाफे, डिजिटल या सैटेलाइट अधिकारों में कोई हिस्सेदारी तय की है या नहीं। इस पर अभिनेता या निर्माताओं की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

सलमान खान लंबे समय से फिल्मों में फीस के साथ-साथ वितरण, डिजिटल और सैटेलाइट अधिकारों से भी कमाई करने के लिए जाने जाते हैं। कई फिल्मों में उनकी आय का बड़ा हिस्सा इन्हीं सौदों से आता रहा है।

साल 2010 में रिलीज़ ‘दबंग’ के बाद सलमान ने कई ऐसी फिल्मों में काम किया, जिनका निर्माण उनके परिवार या सलमान खान फिल्म्स के बैनर तले हुआ। इसके अलावा ‘एक था टाइगर’, ‘टाइगर जिंदा है’ और ‘टाइगर 3’ जैसी फिल्मों में भी उनकी कारोबारी भागीदारी चर्चा में रही। सलमान अपने दोस्तों के लिए बिना फीस कैमियो करने के लिए भी मशहूर हैं। अभिनेता अजय देवगन भी बता चुके हैं कि फिल्म ‘सन ऑफ सरदार’ के गीत ‘पो पो’ में सलमान ने बिना किसी पारिश्रमिक के काम किया था।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.