देहरादून। मौसम विभाग की ओर से 5 और 6 अगस्त को देहरादून जिले में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून के ताजा पूर्वानुमान के आधार पर जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। संभावित आपदा को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सभी विभागों को हाई अलर्ट पर रहने और आपदा प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं को सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि मौसम की स्थिति को देखते हुए किसी भी आपात परिस्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पहले से पूरी रखी जाएं। संबंधित विभाग अपने स्तर पर संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी करें और किसी भी घटना की सूचना मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई सुनिश्चित करें।
ऑरेंज अलर्ट की अवधि में पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रैकिंग गतिविधियों पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों के आवागमन की अनुमति नहीं दी जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य खराब मौसम के दौरान पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा संभावित दुर्घटनाओं को रोकना है।
जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों, आपदा प्रबंधन प्रणाली से जुड़े नामित अधिकारियों और विभागीय नोडल अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी आपदा या दुर्घटना की स्थिति में संबंधित विभाग तत्काल स्थलीय कार्रवाई करें। इसके साथ ही विभागों के बीच सूचनाओं का आदान-प्रदान तेज और प्रभावी तरीके से सुनिश्चित किया जाए, ताकि राहत एवं बचाव कार्य में किसी तरह की देरी न हो।
प्रशासन ने संभावित आपदा को देखते हुए आम लोगों से भी विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लेने, अनावश्यक यात्रा से बचने और संवेदनशील क्षेत्रों में जाने से परहेज करने को कहा गया है।
जिला प्रशासन ने अपील की है कि किसी भी आपदा या आपात स्थिति की सूचना तत्काल जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को दी जाए। इसके लिए 7534820006, 0135-2720000 और 0135-2620006 नंबर जारी किए गए हैं। इसके अलावा टोल फ्री नंबर 1077 पर भी सूचना दी जा सकती है।