SIR पर चुनाव अधिकारी ने दलों से लिया फीडबैक, 19 लाख मतदाताओं को नोटिस

देहरादून। उत्तराखंड में चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने बुधवार को मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में SIR की मौजूदा स्थिति, नोटिस फेज में चल रही सुनवाई और दावे-आपत्तियों की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों से प्रक्रिया को लेकर फीडबैक भी लिया।

बैठक में डॉ. पुरुषोत्तम ने कहा कि SIR के दौरान किसी भी नागरिक को अनावश्यक परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य में अब तक करीब 24 लाख नोटिस जारी किए गए हैं, जिनमें से लगभग 19 लाख यानी 77 प्रतिशत नोटिस बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) के माध्यम से मतदाताओं तक पहुंच चुके हैं।

उन्होंने बताया कि SIR के तहत अब तक फॉर्म-6 के 93 हजार से अधिक, फॉर्म-7 के करीब 1 लाख 39 हजार और फॉर्म-8 के 40 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। फॉर्म-7 से जुड़े मामलों में ERO और AERO स्तर पर सत्यापन के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

दावे-आपत्तियों की होगी सघन जांच

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि दावे और आपत्तियां दर्ज कराने के दौरान एक मतदाता अधिकतम पांच मामलों में दावा या आपत्ति प्रस्तुत कर सकता है। यदि किसी क्षेत्र में निर्धारित सीमा से अधिक मामले सामने आते हैं, तो संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) अपने स्तर पर उनकी विधिवत जांच और सत्यापन करेंगे।

इसी तरह राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट एक दिन में अधिकतम 10 फॉर्म जमा कर सकते हैं। पुनरीक्षण अवधि के दौरान यदि कोई एजेंट 30 से अधिक फॉर्म प्रस्तुत करता है, तो ERO स्तर पर उनकी जांच और सत्यापन किया जाएगा।

डॉ. पुरुषोत्तम ने बताया कि सभी जिलों को निर्देश दिए गए हैं कि सामान्य विसंगतियों वाले नोटिसों का BLO दस्तावेजों के आधार पर सत्यापन कर अपने स्तर पर निस्तारण करें, ताकि नागरिकों को अनावश्यक परेशानी न हो। वहीं, जिन मतदाताओं की मैपिंग नहीं हो सकी है, उन मामलों पर विशेष ध्यान देते हुए ERO/AERO स्तर पर सुनवाई कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में भाजपा से राजकुमार पुरोहित, कांग्रेस से सूर्यकांत धस्माना और अमेंद्र बिष्ट, बसपा से सतेंद्र चोपड़ा व जसपाल तथा सीपीआई (एम) से अनंत आकाश मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.