After Header-1

डिजिटल दौर में भी रेडियो का जलवा कायम, CM धामी ने क्यों बताया प्रभावी माध्यम?

देहरादून। डिजिटल युग में संचार के बदलते तौर-तरीकों के बावजूद रेडियो आज भी आमजन तक पहुंचने का प्रभावी माध्यम बना हुआ है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को बल्लूपुर, देहरादून में ओहो रेडियो 89.2 एफएम का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने रेडियो को जनसंवाद, जनजागरूकता और सामाजिक चेतना का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रेडियो की सबसे बड़ी विशेषता इसकी व्यापक पहुंच है। सूचना, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से यह समाज के अंतिम व्यक्ति तक आसानी से पहुंच बनाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि ओहो रेडियो सामाजिक जागरूकता बढ़ाने, सकारात्मक संवाद को प्रोत्साहित करने और जनहित से जुड़े मुद्दों को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने में अहम भूमिका

सीएम धामी ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और नीतियों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने में संचार माध्यमों की महत्वपूर्ण भूमिका है। रेडियो के जरिए आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर आमजन को जागरूक किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि दूरदराज और ग्रामीण क्षेत्रों में भी रेडियो की उपयोगिता आज कायम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विभिन्न संचार मंचों के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है। प्रदेश की लोकभाषाओं, लोककलाओं, लोकसंगीत और स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में भी लगातार काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यमों की बढ़ती लोकप्रियता के बावजूद रेडियो की विश्वसनीयता और उपयोगिता कम नहीं हुई है। खासकर स्थानीय मुद्दों को सामने लाने, सकारात्मक समाचारों को बढ़ावा देने और लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने में सामुदायिक एवं एफएम रेडियो महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि ओहो रेडियो 89.2 एफएम सकारात्मक सोच, रचनात्मक संवाद और जनहित से जुड़े संदेशों का प्रभावी मंच बनेगा। साथ ही यह उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान और विकास की कहानी को व्यापक स्तर तक पहुंचाने में योगदान देगा।

कार्यक्रम में विधायक सविता कपूर और ओहो रेडियो के आरजे काव्य सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.