रुद्रपुर। पवित्र सावन मास के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर विधानसभा स्तरीय वृहद पौधारोपण अभियान शुरू किया है। रविवार को सिटी क्लब परिसर में भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल और महापौर विकास शर्मा ने पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान बूथ स्तर तक पौधे पहुंचाने के लिए विशेष वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
पूरे सावन माह तक चलने वाले इस अभियान के तहत रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के सभी बूथों तक पौधे पहुंचाए जाएंगे। पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की भागीदारी से इन पौधों का रोपण किया जाएगा। भाजपा का उद्देश्य पौधारोपण के साथ लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में आयोजित हरेला पर्व से प्रेरणा लेकर रुद्रपुर में यह अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को जन आंदोलन में बदलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग जैसी चुनौती से निपटने के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाना जरूरी है। नगर निगम की ओर से भी शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने कहा कि पार्टी सामाजिक और पर्यावरणीय जिम्मेदारियों के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पौधारोपण केवल एक दिन का आयोजन नहीं होना चाहिए, बल्कि पौधों के संरक्षण और संवर्धन को निरंतर अभियान का हिस्सा बनाया जाना चाहिए।
अभियान के संयोजक एवं भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री धीरेंद्र मिश्रा ने बताया कि अभियान को प्रभावी तरीके से संचालित करने के लिए 11 समितियों का गठन किया गया है। रुद्रपुर विधानसभा के सभी 237 बूथों पर करीब चार हजार पौधों का वितरण और रोपण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि स्थानीय लोगों में पर्यावरण संरक्षण को लेकर स्थायी जागरूकता पैदा करना भी है। कार्यक्रम में भाजपा के कई पदाधिकारी, पार्षद और कार्यकर्ता मौजूद रहे।