गदरपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गदरपुर क्षेत्र को करीब 28.30 करोड़ रुपये की आठ विकास परियोजनाओं की सौगात दी। गदरपुर बस स्टेशन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 6.94 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हो चुकी तीन परियोजनाओं का लोकार्पण किया, जबकि 21.36 करोड़ रुपये की पांच नई योजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने फीता काटकर नवनिर्मित गदरपुर बस स्टेशन का भी लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने जिन पूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण किया, उनमें 2.75 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित विकासखंड गदरपुर का कार्यालय भवन, 69.19 लाख रुपये की लागत से ग्रामीण क्षेत्र में हरिचंद्र-गुरुचंद्र बंग विशाल सामुदायिक भवन और 3.49 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित गदरपुर बस अड्डा शामिल है। इन परियोजनाओं के शुरू होने से क्षेत्र में प्रशासनिक सुविधाओं, आवागमन और सामाजिक गतिविधियों को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने विभिन्न सड़क और आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी पांच परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें 18.39 करोड़ रुपये की लागत से बाबा डल मंदिर से बौर जलाशय होते हुए गुलरभोज कूल्हा तिलपुरी वन बैरियर तक कंक्रीट सड़क का निर्माण प्रमुख है। इसके अलावा रामजीवनपुर नंबर-3 और ग्राम मझरशिला के आंतरिक मार्गों में 67.29 लाख रुपये, जयनगर नंबर-4 कॉलोनी में 87.09 लाख रुपये, गुरुनानकपुर के आंतरिक मार्गों में 57.82 लाख रुपये तथा कुल्हा चौराहे से लक्ष्मण सिंह गट्टी गांव तक 84.11 लाख रुपये की लागत से इंटरलॉकिंग टाइल रोड का निर्माण कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री धामी ने श्रावण मास की शुभकामनाएं देते हुए भगवान भोलेनाथ से प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं का लाभ केवल गदरपुर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भी मिलेगा। विकास कार्यों से क्षेत्र को नई गति और नई पहचान मिलेगी।
उन्होंने कहा कि गुलरभोज को भविष्य में प्रमुख पर्यटन एवं विकास केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और आजीविका के नए अवसर पैदा होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार ‘विकास भी, विरासत भी’ के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। सरकार एक ओर शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत कर रही है, वहीं उत्तराखंड की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान को भी आगे बढ़ाया जा रहा है।
कार्यक्रम में विधायक अरविंद पांडे और शिव अरोरा ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। गदरपुर विधायक के अनुरोध पर मुख्यमंत्री ने चीनी मिल कर्मियों को सातवां वेतनमान दिलाने के मामले में जल्द समाधान निकालने का आश्वासन दिया। उन्होंने गुलरभोज पर्यटन क्षेत्र में जिम कॉर्बेट की जिप्सी परमिट व्यवस्था और गदरपुर महाविद्यालय में भविष्य में दो पीजी पाठ्यक्रम शुरू करने का भी आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ रुद्रपुर रिंग रोड का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से परियोजना की प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक अरविंद पांडे, शिव अरोरा, त्रिलोक सिंह चीमा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति समेत अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।