पाकिस्तान पर भारत की ऐतिहासिक जीत, अब खिताब से बस एक कदम दूर

मस्कट (ओमान)। एफआईएच यूथ हॉकी5एस एशियाई चैंपियनशिप 2026 में भारतीय सब-जूनियर पुरुष हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 7-3 से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। पूरे मैच में भारतीय खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल दिखाया और पाकिस्तान को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। इससे पहले भारत ने मेजबान ओमान को 10-1 से हराकर अपने इरादे साफ कर दिए थे।

पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए हाई-वोल्टेज मुकाबले में भारत ने पहले हाफ से ही दबदबा कायम रखा। रोमित पाल ने आठवें मिनट में पहला गोल किया, जबकि करण गौतम और कप्तान केतन कुशवाहा ने दसवें मिनट में लगातार गोल कर भारत को मध्यांतर तक 3-0 की मजबूत बढ़त दिला दी। दूसरे हाफ में प्रह्लाद राजभर ने चौथा गोल दागकर बढ़त और मजबूत कर दी।

पाकिस्तान ने मोहम्मद उस्मान के दो और कप्तान अदील के एक गोल की बदौलत वापसी की कोशिश की, लेकिन भारतीय टीम ने कोई ढील नहीं दी। शाहरुख अली, राहुल यादव और कप्तान केतन कुशवाहा के शानदार गोलों की बदौलत भारत ने मुकाबला 7-3 से अपने नाम कर फाइनल का टिकट हासिल कर लिया।

इससे पहले खेले गए मुकाबले में भारत ने मेजबान ओमान को 10-1 से हराया। कप्तान केतन कुशवाहा ने चार गोल दागे, जबकि शाहरुख अली ने दो और करण गौतम व प्रह्लाद राजभर ने दो-दो गोल कर टीम की बड़ी जीत में अहम भूमिका निभाई।

महिला वर्ग में भारतीय टीम ने भी शानदार जज्बा दिखाया। चीन के खिलाफ 3-6 की हार के बाद टीम ने दमदार वापसी करते हुए उज्बेकिस्तान को 10-0 से करारी शिकस्त दी। नौशीन नाज़ ने हैट्रिक जमाई, जबकि संदीपा कुमारी ने दो गोल किए। श्रुति कुमारी, किरण एक्का, स्वीटी कुजूर, नीलम टोपनो और दिया ने भी एक-एक गोल कर भारत की जीत को यादगार बना दिया।

अब भारतीय पुरुष टीम शनिवार को फाइनल में एक बार फिर पाकिस्तान से भिड़ेगी, जबकि महिला टीम सेमीफाइनल में कजाकिस्तान का सामना करेगी। यह प्रतियोगिता एफआईएच यूथ हॉकी5एस विश्व कप के लिए एशियाई क्वालीफायर भी है, ऐसे में दोनों भारतीय टीमों के पास इतिहास रचने का सुनहरा अवसर होगा।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.