हरिपुर। जौनसार-बावर के प्रवेश द्वार हरिपुर में 17 सितंबर को विश्वकर्मा जयंती और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भव्य धार्मिक एवं तीर्थ विकास कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। लोक पंचायत जमुना तीर्थ समिति ने कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को विधिवत आमंत्रित किया है। इस अवसर पर यमुना तट पर मां यमुना की 21 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा का अनावरण, यमुना कृष्ण मंदिर का भूमि पूजन और प्रथम चरण में निर्मित घाटों का लोकार्पण प्रस्तावित है।
लोक पंचायत जमुना तीर्थ समिति के सचिव सतपाल चौहान ने बताया कि हरिपुर में यमुना नदी के तट पर प्रथम चरण के घाटों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। यमुना कृष्ण धाम परिसर में मां यमुना की 21 फीट ऊंची प्रतिमा भी स्थापित की जा चुकी है। इसके अनावरण को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी यमुना कृष्ण मंदिर का भूमि पूजन भी करेंगे।
समिति के वरिष्ठ सदस्य श्रीचंद शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रयासों और सहयोग से हरिपुर स्थित इस तीर्थ स्थल के विकास को गति मिली है। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर का दिन धार्मिक और राष्ट्रीय दृष्टि से विशेष है। विश्वकर्मा जयंती और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर मां यमुना की प्रतिमा का अनावरण तथा नवनिर्मित घाटों का लोकार्पण क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान तीर्थ स्थल के द्वितीय चरण के विकास कार्यों पर भी चर्चा हुई। इसमें यमुना कृष्ण धाम के समीप बहने वाले गंदे नाले को अन्यत्र स्थानांतरित करने, श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग की व्यवस्था करने और मुख्य मोटर मार्ग से प्रतिमा स्थल तक पैदल मार्ग बनाने के प्रस्ताव शामिल हैं।
समिति का मानना है कि यमुना कृष्ण धाम के विकसित होने से क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही जौनसार-बावर की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक पहचान मजबूत होगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। कार्यक्रम में लोक पंचायत के सदस्य प्रीतम चौहान और भारत चौहान भी मौजूद रहे।