देहरादून। देहरादून बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं को जल्द ही आधुनिक सुविधाओं से युक्त प्रोफेशनल ऑफिस भवन मिलने की उम्मीद है। प्रस्तावित भवन की डिजाइन और निर्माण योजना को लेकर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने शुक्रवार को मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) और बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में भवन के सर्वे प्लान, की-प्लान, साइट प्लान, क्षेत्रफल, पार्किंग, प्रवेश और निकासी व्यवस्था समेत विभिन्न तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
एमडीडीए की सीनियर आर्किटेक्ट दृष्टि जैन ने प्रस्तावित भवन की डिजाइन और निर्माण योजना का प्रस्तुतीकरण देते हुए बताया कि भवन निर्माण के लिए 8,881.28 वर्गमीटर भूमि का सर्वेक्षण पूरा किया जा चुका है। प्रस्तावित भवन में ग्राउंड फ्लोर के अलावा सात मंजिलों का निर्माण किया जाएगा। इसमें अधिवक्ताओं के लिए 10×10 आकार के चैंबर प्रस्तावित किए गए हैं।
बैठक में बताया गया कि भवन की डिजाइन तैयार करते समय अधिवक्ताओं के साथ आमजन की सुविधा को भी प्राथमिकता दी गई है। इसके तहत पर्याप्त पार्किंग, सुगम प्रवेश एवं निकासी और अन्य आवश्यक सुविधाओं को योजना में शामिल किया गया है। भवन की उपयोगिता और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न तकनीकी पहलुओं को भी डिजाइन का हिस्सा बनाया गया है।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भवन की डिजाइन और निर्माण योजना में सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने फायर सेफ्टी प्लान, इमरजेंसी एग्जिट और लिफ्ट सिस्टम को मानकों के अनुरूप विकसित करने पर जोर दिया।
डीएम ने कहा कि प्रस्तावित भवन में बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं के साथ आमजन का भी आवागमन होगा। ऐसे में सुरक्षित और सुगम आवागमन के साथ आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की पुख्ता व्यवस्था जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को भवन निर्माण का फाइनल प्रस्ताव जल्द तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सके।