रोजगार के मुद्दे पर गरिमा का सरकार पर हमला, बोलीं- अब हो रहा संवाद का दिखावा

देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा दौसौनी ने युवाओं के रोजगार, अग्निवीर योजना और अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवा लंबे समय से रोजगार की मांग उठा रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं का समाधान करने में विफल रही है। ऐसे में भाजपा नेताओं को संवाद कार्यक्रम करने से पहले युवाओं के सवालों का जवाब देना चाहिए।

गरिमा दौसौनी ने कहा कि अग्निवीर योजना को लेकर युवाओं और सैनिक परिवारों के मन में कई चिंताएं हैं। भाजपा को इन सवालों पर अपना स्पष्ट पक्ष रखना चाहिए। उन्होंने सैन्यधाम से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के आरोपों और इस मुद्दे पर मंत्री गणेश जोशी के चुनावी लाभ संबंधी बयान को लेकर भी भाजपा से स्पष्टीकरण मांगा।

कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि जब युवा रोजगार की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे थे, तब उनके खिलाफ बल प्रयोग किया गया। अब सरकार संवाद कार्यक्रमों के जरिए युवाओं के बीच अपनी पहुंच दिखाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के युवा संवाद की नकल करने से भाजपा युवाओं के बीच वैसा भरोसा और जुड़ाव हासिल नहीं कर सकती।

दौसौनी ने भाजपा नेताओं द्वारा राहुल गांधी के लिए ‘राहुल मियां’ जैसे शब्दों के इस्तेमाल पर भी निशाना साधा। उन्होंने इसे राजनीतिक हताशा का संकेत बताते हुए कहा कि मुद्दों पर जवाब देने के बजाय व्यक्तिगत टिप्पणी करना उचित नहीं है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘तिल का ताड़’ वाले बयान पर पलटवार करते हुए दौसौनी ने अंकिता भंडारी प्रकरण का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यदि सरकार के लिए अंकिता भंडारी का मामला ‘तिल’ है, तो कांग्रेस के लिए न्याय की यह लड़ाई ‘ताड़’ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग लगातार उठाती रहेगी। यह केवल एक बेटी के न्याय का सवाल नहीं, बल्कि उत्तराखंड के स्वाभिमान और अस्मिता से जुड़ा विषय है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.