सीनियर सिटीजन प्रतिनिधिमंडल ने डीएम से की मुलाकात, उठाई बुजुर्गों से जुड़ी अहम मांगें

अखिल भारतीय सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसायटी, उत्तराखंड की ओर से वरिष्ठ नागरिकों के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर देहरादून के जिला मजिस्ट्रेट डॉ. आशीष चौहान से शिष्टाचार भेंट की गई। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण से संबंधित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और उनकी समस्याओं के समाधान पर विस्तार से चर्चा की।

सोसायटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के.एल. अरोड़ा के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने जिला मजिस्ट्रेट का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। बैठक के दौरान संस्था की ओर से वरिष्ठ नागरिकों के लिए संचालित सामाजिक और कल्याणकारी गतिविधियों की जानकारी दी गई। साथ ही समाज में बुजुर्गों के सम्मान, सुरक्षा और उनके अधिकारों को लेकर किए जा रहे प्रयासों से भी जिला प्रशासन को अवगत कराया गया।

प्रतिनिधिमंडल ने जिला मजिस्ट्रेट से आग्रह किया कि समाज कल्याण विभाग के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि कई बुजुर्ग अब भी योजनाओं की जानकारी और उनके लाभ से वंचित हैं। ऐसे में जनजागरूकता बढ़ाने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।

बैठक में वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा और कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी सकारात्मक चर्चा हुई। जिला मजिस्ट्रेट ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि वरिष्ठ नागरिकों के हितों से जुड़े मामलों में प्रशासन हर संभव सहयोग करेगा। उन्होंने संबंधित विभागों को भी जरूरत के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया।

इस अवसर पर सोसायटी के राष्ट्रीय सचिव के.के. ओबराय, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अतुल चुघ, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. अतुल जोशी, राष्ट्रीय सलाहकार डॉ. पी.डी. जुयाल, प्रदेश अध्यक्ष एल.आर. कोठियाल, प्रदेश कोषाध्यक्ष ओ.पी. रतरा, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. ए.एस. नेगी, एन.के. सिंह, पेटवाल, चतुर्वेदी सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए प्रशासन और समाज के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.