सीएम धामी ने खोला विकास का खजाना, 97 करोड़ की योजनाओं को मिली मंजूरी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में विकास कार्यों को गति देने के लिए विभिन्न योजनाओं और निर्माण कार्यों हेतु करीब 97 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। स्वीकृत योजनाओं में धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण, सड़क निर्माण, आवास, सिंचाई, परिवहन सुविधाओं, ऊर्जा और चारधाम यात्रा से जुड़ी सुरक्षा व्यवस्थाएं शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने टिहरी जिले के देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड हिण्डोलाखाल स्थित नागचौण्ड शिवालय तथा कीर्तिनगर के खोलाकड़ाकोट में डुण्डेश्वर महादेव मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 1.05 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। इसके तहत प्रथम किश्त के रूप में 82.62 लाख रुपये जारी किए जाएंगे। वहीं, ऊधमसिंह नगर के खटीमा में श्री गौरी शंकर महादेव मंदिर प्रांगण के सौंदर्यीकरण के लिए एक करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिसमें प्रथम किश्त के तौर पर 60 लाख रुपये की धनराशि अनुमोदित की गई है।

पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में बेड़ा से भट्ठयानी मेल्टीनाथ तक आंतरिक संपर्क सीसी मार्ग के निर्माण के लिए 62.19 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसमें प्रथम किश्त के रूप में 37.31 लाख रुपये दिए जाएंगे।

देहरादून के धौरणखास में टाइप-द्वितीय के 36 आवासों के निर्माण के लिए 2.27 करोड़ रुपये तथा नाबार्ड वित्त पोषण से सिंचाई विभाग की 27 योजनाओं के लिए 61.76 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा उरेडा मुख्यालय में प्रस्तावित सुपर ईसीबीसी भवन के निर्माण के लिए 16.13 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिसमें प्रथम किश्त के रूप में एक करोड़ रुपये जारी होंगे।

हल्द्वानी में चालक प्रशिक्षण संस्थान के लिए 9.80 करोड़, संभागीय परिवहन कार्यालय के लिए 10.98 करोड़ और ऑटोमेटिव ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक के लिए 4.93 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

चारधाम यात्रा मार्गों पर हेलीकॉप्टर संचालन की सुरक्षा और मौसम की वास्तविक समय की जानकारी के लिए विभिन्न हेलीपोर्ट व हेलीपैड पर ऑटोमेटेड वेदर ऑब्जर्विंग सिस्टम एवं सीलोमीटर लगाने के लिए 4.78 करोड़ रुपये अवमुक्त करने का अनुमोदन भी दिया गया है। इसके साथ ही घरेलू विद्युत उपभोक्ताओं को दरों में सब्सिडी देने के लिए 36.51 लाख रुपये जारी किए जाएंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.