पूर्वोत्तर के युवाओं से बोले सीएम धामी- उत्तराखंड आपका अपना घर, जानिए क्या है संदेश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में My Home India की ओर से आयोजित NeST Fest-2026 में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में पूर्वोत्तर राज्यों से बड़ी संख्या में पहुंचे छात्र-छात्राओं और युवाओं का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड उनका अपना घर है। उन्होंने आयोजन के लिए My Home India की टीम को बधाई दी और युवाओं के उत्साह की सराहना की।

शिक्षक दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने देशभर के शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने महान शिक्षाविद् और पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मौजूद युवा ऊर्जा के बीच उन्हें भारत का उज्ज्वल भविष्य दिखाई देता है। युवा केवल विद्यार्थी नहीं हैं, बल्कि वे देश की उस शक्ति का प्रतिनिधित्व करते हैं, जिसमें बड़े से बड़े सपनों को साकार करने का साहस और क्षमता है। उन्होंने युवाओं से अपनी प्रतिभा और ऊर्जा का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करने का आह्वान किया।

सीएम धामी ने कहा कि NeST Fest केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि पूर्वोत्तर भारत की समृद्ध संस्कृति, गौरवशाली परंपराओं और भारत की एकता-अखंडता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन देश के अलग-अलग क्षेत्रों के लोगों को एक-दूसरे की संस्कृति और परंपराओं को समझने का अवसर देते हैं तथा राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करते हैं।

उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर राज्यों और उत्तराखंड के बीच कई समानताएं हैं। दोनों क्षेत्रों के पहाड़ी परिवेश, रहन-सहन और भौगोलिक परिस्थितियों में काफी समानता देखने को मिलती है। यही समानताएं दोनों क्षेत्रों के लोगों को आपस में जोड़ने का काम करती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं के बीच संवाद, आत्मीयता और सांस्कृतिक जुड़ाव को बढ़ावा देते हैं। इससे देश के विभिन्न हिस्सों के बीच संबंध और मजबूत होते हैं। NeST Fest जैसे मंच भारत की विविधता में एकता की भावना को नई मजबूती देने के साथ युवाओं को राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक समरसता का संदेश भी देते हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.