कारगिल विजय दिवस पर होगी भव्य श्रद्धांजलि, मंत्री गणेश जोशी ने तैयारियों का लिया जायजा

उत्तराखंड में 26 जुलाई को मनाए जाने वाले कारगिल विजय दिवस (शौर्य दिवस) की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। प्रदेश के सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने शनिवार को देहरादून स्थित गांधी पार्क पहुंचकर राज्य स्तरीय समारोह की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पहले एवं गरिमापूर्ण ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर बैठने की पर्याप्त व्यवस्था, पेयजल, सुरक्षा, साफ-सफाई और मानसून के मौसम को देखते हुए बारिश से बचाव के आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

गणेश जोशी ने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय सेना के शौर्य, पराक्रम और सर्वोच्च बलिदान को नमन करने का अवसर है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि समारोह का प्रत्येक कार्यक्रम अनुशासित, भव्य और राष्ट्रभक्ति की भावना से परिपूर्ण होना चाहिए, ताकि कारगिल के वीर शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि दी जा सके।

उन्होंने जानकारी दी कि कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर 25 जुलाई को “रन फॉर कारगिल हीरोज़” का आयोजन किया जाएगा। यह दौड़ शौर्य स्थल, चीड़बाग से शुरू होकर गांधी पार्क तक पहुंचेगी। मंत्री ने युवाओं, पूर्व सैनिकों और आम नागरिकों से बड़ी संख्या में इस आयोजन में भाग लेने और कारगिल के अमर वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित करने की अपील की।

उन्होंने बताया कि 26 जुलाई को गांधी पार्क में आयोजित मुख्य राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस अवसर पर कारगिल युद्ध में शहीद हुए उत्तराखंड के वीर सैनिकों के परिजनों, वीर नारियों और वीर माताओं को सम्मानित किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान अपर सचिव एवं सैनिक कल्याण निदेशक श्याम सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मंत्री को तैयारियों की प्रगति से अवगत कराया और निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी व्यवस्थाएं पूरी करने का भरोसा दिलाया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.