बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन 83 वर्ष की उम्र में भी अपनी ऊर्जा और काम के प्रति समर्पण के लिए जाने जाते हैं। फिल्मों, टीवी और सोशल मीडिया पर लगातार सक्रिय रहने वाले बिग बी अक्सर अपने ब्लॉग के जरिए निजी अनुभव और भावनाएं प्रशंसकों के साथ साझा करते हैं। इस बार उन्होंने अपनी दिनचर्या में आए बदलाव और उससे हो रही परेशानी का जिक्र किया है, जिसने फैंस का ध्यान खींच लिया है।
अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग में बताया कि इन दिनों फुटबॉल विश्व कप के मैचों की वजह से उनकी दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित हो गई है। देर रात और अलग-अलग समय पर होने वाले मुकाबलों के कारण उन्हें पर्याप्त आराम नहीं मिल पा रहा है, जिससे बेचैनी और शारीरिक थकान महसूस हो रही है। इसके बावजूद वह अपनी पसंदीदा टीमों के मैच देखना नहीं छोड़ रहे हैं।
बिग बी ने लिखा कि फुटबॉल के प्रति उनका जुनून उन्हें हर मुकाबला देखने के लिए प्रेरित करता है। हालांकि, कुछ मैचों में रेफरी के फैसलों ने उन्हें निराश भी किया। उन्होंने कहा कि कई बार ऐसा लगता है कि एक टीम के साथ पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है, जबकि दूसरी टीम को फायदा मिल रहा है। ऐसे फैसले उन्हें काफी परेशान करते हैं।
उन्होंने फुटबॉल की अनिश्चितता का भी जिक्र करते हुए कहा कि टूर्नामेंट में अक्सर वही टीम आगे बढ़ती है, जिसकी सबसे कम उम्मीद होती है। कई बड़े फुटबॉल देशों का जल्दी बाहर होना और अपेक्षाकृत कमजोर मानी जाने वाली टीमों का शानदार प्रदर्शन इस खेल की सबसे बड़ी खासियत है।
क्लब फुटबॉल और अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों का अंतर समझाते हुए अमिताभ बच्चन ने आईपीएल का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि जो खिलाड़ी क्लब स्तर पर एक-दूसरे के खिलाफ खेलते हैं, वही विश्व कप में अपने देश के लिए एकजुट होकर मैदान में उतरते हैं। यही खेल भावना और टीम के प्रति समर्पण उन्हें खास बनाता है।
एक अन्य ब्लॉग पोस्ट में बिग बी ने अपनी सेहत का भी जिक्र किया। उन्होंने लिखा कि एक दिन आराम करने के बाद पूरा शरीर जैसे बगावत पर उतर आया। उनका मानना है कि शरीर को हमेशा सक्रिय रखना जरूरी है और यही उनकी फिटनेस का सबसे बड़ा राज भी है।