बाबा बर्फानी के दर्शन कर लौटे महापौर, रेलवे स्टेशन पर हुआ जोरदार स्वागत

रुद्रपुर। बाबा अमरनाथ (बाबा बर्फानी) और माता वैष्णो देवी के पवित्र दर्शन कर सोमवार को रुद्रपुर लौटे महापौर विकास शर्मा का रेलवे स्टेशन पर भव्य स्वागत किया गया। श्री अमरनाथ जी सेवा मंडल के तत्वावधान में आयोजित स्वागत समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, समर्थक और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। स्टेशन परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से भक्तिमय माहौल में बदल गया।

महापौर के स्वागत के दौरान समर्थकों ने गाजे-बाजे के साथ उनका अभिनंदन किया और पुष्पवर्षा कर यात्रा की सफल पूर्णता पर शुभकामनाएं दीं। पूरे कार्यक्रम में धार्मिक आस्था और उत्साह का विशेष माहौल देखने को मिला।

इस अवसर पर महापौर विकास शर्मा ने कहा कि हिमालय की दुर्गम वादियों के बीच स्थित बाबा बर्फानी के दर्शन करना जीवन का एक अविस्मरणीय और आध्यात्मिक अनुभव है। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान उन्होंने बाबा भोलेनाथ से रुद्रपुर नगर की खुशहाली, समृद्धि और प्रदेश में सुख-शांति की कामना की। साथ ही समाज में आपसी भाईचारा और सद्भाव बना रहे, इसके लिए भी प्रार्थना की।

महापौर ने श्री अमरनाथ जी सेवा मंडल द्वारा यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि तीर्थयात्रियों की निस्वार्थ सेवा करना अत्यंत पुण्य का कार्य है। उन्होंने सेवा मंडल के सभी पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी मेहनत से श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिलता है।

स्वागत समारोह में श्री अमरनाथ जी सेवा मंडल के अध्यक्ष अजय चड्डा, संस्थापक सुनील ठुकराल, पार्षदगण, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस दौरान समर्थकों ने महापौर के समर्थन में नारे लगाए और पूरे उत्साह के साथ उनका अभिनंदन किया।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.