सितारगंज। ऊधम सिंह नगर पुलिस के ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत सितारगंज पुलिस ने सरकारी स्कूल में चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई स्प्रे मशीन भी बरामद कर ली गई है।
पुलिस के अनुसार 8 जुलाई को राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कुंवरपुर में अज्ञात चोर ने ताला तोड़कर प्रवेश किया और पहचान छिपाने के उद्देश्य से विद्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों तथा उनकी वायरिंग को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद वह स्प्रे मशीन चोरी कर फरार हो गया। घटना के संबंध में विद्यालय के प्रधानाचार्य विकास पाण्ड्य की तहरीर पर कोतवाली सितारगंज में मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर ग्राम गोठा निवासी रोशन लाल पुत्र रामशकल को गोठा-बेगुल डाम मार्ग से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई स्प्रे मशीन भी बरामद कर ली गई। बरामदगी के बाद पुलिस ने मुकदमे में संबंधित धाराएं बढ़ाते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा, एसएसआई जावेद मलिक, एसआई कैलाश देव, हेड कांस्टेबल श्रीभुवन और कांस्टेबल अशोक बोरा की टीम की अहम भूमिका रही।